ढीमरखेड़ा थाना–उमरियापान थाना की संयुक्त कार्रवाई: सूरदास आश्रम चोरी कांड का खुलासा, 3.50 लाख का सामान बरामद
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा थाना–उमरियापान थाना की संयुक्त कार्रवाई: सूरदास आश्रम चोरी कांड का खुलासा, 3.50 लाख का सामान बरामद
कलयुग की कलम उमरिया पान -पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ढीमरखेड़ा थाना एवं उमरियापान थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूरदास आश्रम (ग्राम पोडीकला) से चोरी हुए लाखों रुपये के साउंड सिस्टम मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा लगभग ₹3.50 लाख कीमत का मशरूका बरामद किया है।
क्या था मामला
प्रार्थी अनिल पटेल निवासी ढीमरखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 फरवरी 2026 की रात पोडीकला स्थित सूरदास आश्रम में लगे टेंट से अज्ञात चोर साउंड सिस्टम की मशीनें चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹3,50,000 बताई गई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
20 फरवरी 2026 को पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया—मनीष कुर्मी (25 वर्ष) निवासी ग्राम महनेर – महनेर पहाड़ी स्थित खंडहर मकान से पकड़ा गया। इसके पास से मोबाइल, माइक स्टैंड एवं अहूजा कंपनी का एम्पलीफायर बरामद हुआ।
परदेशी कोल (22 वर्ष) निवासी उमरियापान – कुदवारी मोहल्ले से गिरफ्तार।बरामद सामग्री (कीमत लगभग ₹3.50 लाख)पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद किया, जिसमें शामिल हैं—बॉस कंपनी की हेडऑप्टर मशीन DD-3 डिजिटल मशीन स्टूडियो मास्टर मिक्सर एवं मिक्स मशीन 182 ऑडियो मेकर एवं मास प्लेट मशीन केबल व अन्य साउंड उपकरण।
अन्य वारदातों का भी खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने उमरियापान थाना क्षेत्र के महनेर में उमेश काछी के घर से कुर्सी चोरी की वारदात स्वीकार की है। इस मामले की शिकायत पूर्व में थाना उमरियापान में दर्ज कराई गई थी। पुलिस अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।
एक आरोपी फरार
मामले का एक अन्य आरोपी गोलू कुर्मी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।



