आस्थामध्यप्रदेश

उमरिया पान सहित क्षेत्र में गूंजा जय श्री राम: भव्य हनुमान जन्मोत्सव, विशाल शोभायात्रा एवं भंडारे में उमड़ा जनसैलाब 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरिया पान सहित क्षेत्र में गूंजा जय श्री राम: भव्य हनुमान जन्मोत्सव, विशाल शोभायात्रा एवं भंडारे में उमड़ा जनसैलाब 

कलयुग की कलम उमरिया पान – जिले के उमरिया पान नगर सहित क्षेत्र में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे नगर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर ब्यौहार मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर में 1 अप्रैल, बुधवार को प्रातः 9 बजे से अखण्ड रामायण पाठ का शुभारंभ विधिवत रूप से किया गया। पूरे दिन श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे और रामचरितमानस के पाठ से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। दूसरे दिन 2 अप्रैल, गुरुवार को प्रातः 11 बजे विधिवत हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर धर्म लाभ प्राप्त किया।

इसके पश्चात दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। प्रसाद ग्रहण करने के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। आयोजन समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी।

इस भव्य आयोजन का संचालन उमरिया पान सरपंच अटल ब्यौहार एवं समस्त व्योहार परिवार के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में नगर के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

इसी क्रम में बड़ी माईं मंदिर, थाने के सामने भी विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन बड़े ही भव्य रूप में सम्पन्न हुआ। यहां भी अखण्ड रामायण, हवन एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। झंडा चौक हनुमान मंदिर में भी आयोजन समिति द्वारा हवन पूजन कर विशाल भंडारा प्रसाद वितरण किया गया।इसी तरह टोला रोड बावली हनुमान मंदिर मैं भी पूजा पाठ कर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 2 अप्रैल, गुरुवार को सायं 5 बजे निकाली गई भव्य शोभायात्रा रही। शोभायात्रा में सजे-धजे रथों पर सवार झांकियां भगवान श्रीराम लक्ष्मण माता सीता और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां देर रात तक लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा में ग्रामीणों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। डीजे की भक्ति धुनों पर बच्चे, बच्चियां और युवा उत्साहपूर्वक थिरकते नजर आए। पूरे नगर में “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। जगह-जगह स्टॉल लगाकर प्रसाद वितरण पानी की व्यवस्था समाजसेवियों द्वारा की गई थी भक्ति गीतों और जयकारों के बीच पूरा नगर आध्यात्मिक रंग में रंग गया। हनुमान जन्मोत्सव का यह भव्य आयोजन उमरिया पान नगर में आस्था, एकता और भक्ति का अनुपम उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का वातावरण स्थापित कर दिया।

Related Articles

Back to top button