फेसबुक पर अपमान बना मौत की वजह अभद्र टिप्पणियों और घर आकर की गई बेइज्जती से टूट गई नवविवाहिता, फांसी लगाकर दी जान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

फेसबुक पर अपमान बना मौत की वजह अभद्र टिप्पणियों और घर आकर की गई बेइज्जती से टूट गई नवविवाहिता, फांसी लगाकर दी जान
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा -कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम कटरिया में सोशल मीडिया से उपजा विवाद एक नवविवाहिता की मौत का कारण बन गया। 25 वर्षीय महिला ने कथित मानसिक प्रताड़ना और सार्वजनिक अपमान से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले युवक शिवम चौधरी ने महिला के फेसबुक स्टेटस को लेकर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां की थीं। मामला यहीं नहीं रुका, आरोप है कि युवक अपने परिजनों के साथ महिला के घर पहुंचा और उसके साथ अभद्र भाषा में गाली-गलौज करते हुए अपमानित किया। इस घटनाक्रम से महिला गहरे सदमे में चली गई।
बताया जा रहा है कि कुछ ही समय बाद महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। मृतका अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जिनमें दो साल की बेटी और मात्र छह माह का बेटा शामिल है। मां की मौत से बच्चों के सिर से हमेशा के लिए ममता का साया उठ गया।
घटना की सूचना मिलते ही ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी, घर आकर किए गए अपमान और आत्महत्या के बीच के संबंधों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



