गैस सिलेंडर की जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, पेयजल संकट वाले गांवों में तुरंत पहुंचाया जाए पानी जन सरोकारों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह बनें अधिकारी : कलेक्टर आशीष तिवारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गैस सिलेंडर की जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, पेयजल संकट वाले गांवों में तुरंत पहुंचाया जाए पानी जन सरोकारों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह बनें अधिकारी : कलेक्टर आशीष तिवारी
कलयुग की कलम कटनी – कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशील और जवाबदेह बनने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों के बीच सकारात्मक माहौल बनाने के लिए प्रशासन का सूचना तंत्र मजबूत किया जाए और रसोई गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी तथा कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों, विक्रेताओं और गोदामों का नियमित औचक निरीक्षण किया जाए। यदि कहीं अनियमितता, जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को गैस एजेंसियों के संचालन, सिलेंडर वितरण की स्थिति और उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों की रोजाना समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही गैस एजेंसियों से घरेलू और वाणिज्यिक सिलेंडरों के स्टॉक, बुकिंग और पिछले तीन दिनों में की गई होम डिलीवरी की जानकारी लेने को कहा। उपभोक्ताओं से फीडबैक लेकर यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कहीं अधिक कीमत तो नहीं ली जा रही और होम डिलीवरी नियमित हो रही है या नहीं।

पेयजल संकट पर विशेष सतर्कता
गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब हैंडपंपों की सूचना मिलते ही तत्काल मरम्मत कराई जाए। जिन गांवों में पेयजल संकट की आशंका हो, वहां टैंकर या अन्य माध्यम से पानी पहुंचाकर लोगों को राहत दी जाए।
बकाया बिलों के भुगतान के निर्देश
कलेक्टर ने सभी विभागों को वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले बकाया बिजली बिलों का भुगतान करने और नगर निगम में सेवा प्रभार जमा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को 18 से 20 मार्च तक देयक कोषालय में भेजने के लिए कहा, ताकि बजट लैप्स होने से पहले भुगतान हो सके।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का शीघ्र निराकरण
बैठक में उद्यानिकी, उद्योग, खनिज, स्कूल शिक्षा, सहकारिता, कृषि, पीडब्ल्यूडी, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, पीएचई, जल संसाधन सहित कई विभागों से जुड़ी लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व विभाग की तहसीलवार समीक्षा करते हुए विजयराघवगढ़ तहसील में 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों को शीघ्र बंद कराने को कहा। वहीं स्वास्थ्य विभाग को प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और जननी सुरक्षा योजना से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनगणना की तैयारियों पर जोर
कलेक्टर ने आगामी जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए तहसीलदारों को प्रगणक नियुक्त करने और ऑनलाइन नक्शा कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। पंचायत सचिव, पटवारी और ग्राम रोजगार सहायकों को घर-घर जाकर हाउस लिस्टिंग करने के लिए कहा गया। इसके साथ ही समग्र ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी कार्य भी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
‘संकल्प से समाधान’ अभियान पर जोर
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों और एसडीएम को विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले ‘संकल्प से समाधान’ शिविरों में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए और अधिक से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जाए।
स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नगरीय निकायों को पीएम स्वनिधि योजना के लक्ष्य पूरे करने और उद्यानिकी विभाग को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना में स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्योग विभाग को पीएम विश्वकर्मा योजना में प्रगति बढ़ाने के लिए कहा।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



