जनसेवा समिति की बैठक में सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एकजुटता का संकल्प जुआ-सट्टा, अवैध खनन रोकने व नशामुक्ति अभियान चलाने पर बनी रणनीति
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसेवा समिति की बैठक में सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एकजुटता का संकल्प जुआ-सट्टा, अवैध खनन रोकने व नशामुक्ति अभियान चलाने पर बनी रणनीति
कलयुग की कलम सिहोरा -नगर एवं क्षेत्र में सामाजिक उत्थान और रचनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से जनसेवा समिति गोसलपुर के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक पौराणिक गौ सेवालय, बरनू तिराहा में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, आगामी योजनाओं तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संगठित होकर कार्य करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में जुआ-सट्टा, अवैध खनन जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही आमजन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण हेतु एक ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।
पदाधिकारियों ने बताया कि जनसेवा समिति द्वारा पिछले वर्षों में किए गए सामाजिक कार्यों एवं उपलब्धियों को संजोने के उद्देश्य से एक विशेष स्मारिका के प्रकाशन का निर्णय भी लिया गया। वहीं समाज को नशे की प्रवृत्ति से मुक्त कराने के लिए जन-आंदोलन के रूप में नशामुक्ति अभियान चलाने पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में समिति अध्यक्ष हेमचंद असाटी, जनपद सदस्य धर्मेंद्र सिंह राजपूत, सचिव नरेश तंतुवाय सहित गनपत सिंह, दीपक पटेल, महेंद्र सिंह, लायक खान, मजिद खान, गुलाब सिंह मरकाम, लटोरी साहू, श्याम सिंह लोधी, राजीव पटेल, अर्पित चौधरी, राहुल तंतुवाय, अरुण पटैल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



