ड्रोन और पुलिस बल तैनात, माहौल पर कड़ी नजर
रविवार रात उपद्रव बढ़ने के बाद शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में 300 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। क्यूआरएफ और एसएफ जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। सोमवार को पुलिस ने 6 ड्रोन कैमरों की मदद से हालात पर नजर रखी और गलियों में जुटने वाली भीड़ की निगरानी की।
व्यापारियों में दहशत, महू बंद का आह्वान
हिंसा के विरोध में हिंदू संगठनों ने सोमवार सुबह महू बंद का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर दुकानदारों से समर्थन मांगा। कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं।
वाहनों और दुकानों को बनाया निशाना
पत्ती बाजार, जामा मस्जिद क्षेत्र, मोती महल क्षेत्र और बतख मोहल्ला में हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों में आग लगा दी। कुछ दुकानों और मकानों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
राज्यसभा सांसद ने लिया हालात का जायजा
सोमवार शाम राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार और भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा महू पहुंचे और हरिफाटक क्षेत्र में आम नागरिकों से मुलाकात की। हिंसा में दुकानें जलाने से हुए नुकसान की जानकारी ली गई।
एसपी हितिका वासल: हालात नियंत्रण में
इंदौर ग्रामीण एसपी हितिका वासल ने बताया कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर दोषियों की पहचान जारी है। 40 से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कुछ को गिरफ्तार किया गया है।