प्रशासनमध्यप्रदेश

नर्मदा नहर के पास भीषण सड़क हादसा: उमरिया पान में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, चार घायल — दो की हालत गंभीर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

नर्मदा नहर के पास भीषण सड़क हादसा: उमरिया पान में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, चार घायल — दो की हालत गंभीर

कलयुग की कलम उमरिया पान – क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब उमरिया पान के आगे नर्मदा नहर के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भटकवां निवासी अभिषेक यादव और वीरेंद्र यादव उमरिया पान बाजार से व्हाइट सीमेंट लेने आए थे। सीमेंट लेकर वे वापस अपने गांव भटकवां लौट रहे थे। इसी दौरान स्लीमनाबाद की ओर से दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार बिलहरी खमतरा निवासी देवीदीन सागर, बर्मन और उपेंद्र रजक उमरिया पान की ओर आ रहे थे। नर्मदा नहर से पहले मोड़ के पास दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद सभी घायल सड़क पर तड़पते रहे। राहगीरों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डायल-112 में मौजूद एसआई कोदूलाल दाहिया, अजय तिवारी, रोहित झारिया और अजय सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत उमरिया पान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।

चिकित्सकों ने बताया कि घायलों की स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नर्मदा नहर के पास मोड़ है जिसके कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से,चेतावनी संकेत और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर करता है। हेलमेट का उपयोग, नियंत्रित गति और सावधानी ही ऐसे हादसों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय हैं।

Related Articles

Back to top button