33 केवी हाईटेंशन लाइन का कहर: बिजली के खंभे पर काम करते समय मजदूर की दर्दनाक मौत मरम्मत के दौरान पैर फिसला, करंट की चपेट में आकर मौके पर ही बुझ गई जिंदगी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

33 केवी हाईटेंशन लाइन का कहर: बिजली के खंभे पर काम करते समय मजदूर की दर्दनाक मौत मरम्मत के दौरान पैर फिसला, करंट की चपेट में आकर मौके पर ही बुझ गई जिंदगी
कलयुग की कलम कटनी -शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुधार न्यास कॉलोनी में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बिजली के खंभे पर मरम्मत कार्य के दौरान एक मजदूर 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
काम के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय दिनेश केवट बिजली के पोल पर चढ़कर सुधार कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह पास से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और खंभे से नीचे जमीन पर आ गिरा।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान दिनेश केवट (35), पिता कुंजी लाल केवट के रूप में हुई है। वह माधवनगर थाना क्षेत्र के धपई इलाके का निवासी बताया जा रहा है।
अस्पताल में किया गया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से झुलसे दिनेश को जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर हाईटेंशन लाइनों के पास कार्य करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सावधानियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल माधवनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



