बरही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य स्वागत: एक किलोमीटर लंबी आभार रैली में बरसी पुष्प वर्षा, किसानों को मिली बड़ी सौगात
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बरही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य स्वागत: एक किलोमीटर लंबी आभार रैली में बरसी पुष्प वर्षा, किसानों को मिली बड़ी सौगात
कलयुग की कलम बरही – शनिवार को बरही नगर में उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत में करीब एक किलोमीटर लंबी भव्य आभार रैली निकाली गई। बड़ा तालाब से श्री विजयनाथ धाम मंदिर के मेला प्रांगण तक निकली इस रैली में नगरवासियों ने सुसज्जित रथ पर सवार मुख्यमंत्री का पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। मुख्य बाजार मार्ग से गुजरती रैली में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी और पूरे नगर में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रथ में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ते रहे। उनके साथ रथ में खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक और भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर लोगों के अभिवादन का जवाब दिया।
हेलीपेड से लेकर सभा स्थल तक निकली आभार रैली मुख्य मार्ग, चौक बाजार, सुभाष चौक और कमानिया गेट होते हुए गुजरी। इस दौरान नगर के विभिन्न संगठनों और व्यापारिक संघों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। करीब 14 स्थानों पर पुष्प वर्षा और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
रैली के दौरान मेडिकल व्यापारी संघ, किराना व्यापारी संघ, सराफा व्यापारी संघ, कपड़ा व्यापारी संघ, हार्डवेयर व्यापारी संघ, वॉलीबॉल स्पोर्ट क्लब, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार, कसोधन गुप्ता समाज, अधिवक्ता संघ, सेल यूनियन परिवार तथा नगर के पार्षदों सहित अनेक सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

दरअसल यह आभार रैली क्षेत्र को मिली बड़ी विकास सौगातों के लिए आयोजित की गई थी। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना को राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा 3 फरवरी 2026 को स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। करीब 566.92 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना से बरही और विजयराघवगढ़ तहसील के 27 गांवों की लगभग 20 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे करीब 11 हजार किसानों के खेतों तक पानी पहुंचेगा और खेती को नया संबल मिलेगा।
इसके अलावा क्षेत्र में करीब 243 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण एवं विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन की सौगात को लेकर भी लोगों में उत्साह देखा गया। इसी खुशी और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बरही की जनता ने विशाल आभार रैली निकालकर उनका भव्य स्वागत किया।



