सम्राट विक्रमादित्य की गाथा से गूंजेगा कटनी, बस स्टैंड ऑडिटोरियम में 19 मार्च को भव्य ‘विक्रमोत्सव’
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सम्राट विक्रमादित्य की गाथा से गूंजेगा कटनी, बस स्टैंड ऑडिटोरियम में 19 मार्च को भव्य ‘विक्रमोत्सव’
कलयुग की कलम कटनी -भारतीय नववर्ष, सृष्टि आरंभ दिवस, वर्ष प्रतिपदा विक्रम संवत और गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर 19 मार्च को कटनी में भव्य ‘विक्रमोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम गुरुवार सुबह 10 बजे बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित नाट्य मंचन मुख्य आकर्षण रहेगा।
कार्यक्रम के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी ने एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी को समन्वय अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं नगर निगम के उपायुक्त शैलेष गुप्ता को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सहायक नोडल अधिकारी के रूप में शासकीय तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील बाजपेई और जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरि को दायित्व दिया गया है।
विक्रमोत्सव के तहत सुबह 10 बजे कोटि सूर्य उपासना कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही शहर के प्रमुख मंदिरों और शासकीय भवनों पर ब्रह्मध्वज स्थापना की जाएगी। बस स्टैंड ऑडिटोरियम में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित भव्य नाट्य प्रस्तुति भी मंचित की जाएगी, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में बस स्टैंड ऑडिटोरियम पहुंचकर सम्राट विक्रमादित्य की ऐतिहासिक गाथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का अवलोकन करें और भारतीय नववर्ष के इस उत्सव में सहभागी बनें। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



