प्रशासनमध्यप्रदेश

विधानसभा परिसर में ऐतिहासिक प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ 1956 से 2025 तक की संसदीय यात्रा और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प का साक्षी बना विधानसभा भवन

कलयुग की कलम से राकेश यादव

विधानसभा परिसर में ऐतिहासिक प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ 1956 से 2025 तक की संसदीय यात्रा और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प का साक्षी बना विधानसभा भवन

कलयुग की कलम भोपाल -मध्यप्रदेश विधानसभा के स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा परिसर में इतिहास और विकास को समर्पित दो विशेष प्रदर्शनों का भव्य शुभारंभ किया गया। माननीय राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर “मध्यप्रदेश विधानसभा के 1956 से 2025 तक – इतिहास के पल” तथा “मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभ्युदय – मध्यप्रदेश के विकास और सेवा के दो वर्ष” विषय पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें प्रदेश की संसदीय परंपराओं, ऐतिहासिक निर्णयों, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास की यात्रा को चित्रों, दस्तावेजों एवं अभिलेखों के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा के स्थापना दिवस पर आयोजित यह विशेष सत्र और प्रदर्शनी प्रदेश की गौरवशाली संसदीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1956 में राज्य गठन के बाद से लेकर आज तक विधानसभा ने लोकतंत्र की मजबूती, जनकल्याणकारी नीतियों और विकासोन्मुख निर्णयों के माध्यम से प्रदेश को नई दिशा दी है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह अवसर केवल अतीत के गौरवशाली क्षणों को स्मरण करने का नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने का भी है। हम सब मिलकर वर्ष 1956 से अब तक की यात्रा का पुनरावलोकन कर रहे हैं और साथ ही वर्ष 2047 तक एक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए साझा संकल्प ले रहे हैं।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक, वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रदर्शनी को देखने के लिए आगंतुकों में विशेष उत्साह देखा गया, जो मध्यप्रदेश की लोकतांत्रिक विरासत और विकास की कहानी को एक ही मंच पर समेटे हुए है।

Related Articles

Back to top button