प्रशासनमध्यप्रदेश

सात दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ स्वच्छता, पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ NSS स्वयंसेवक जुटे सेवा कार्यों में

कलयुग की कलम से राकेश यादव

सात दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ स्वच्छता, पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ NSS स्वयंसेवक जुटे सेवा कार्यों में 

कलयुग की कलम सिलौंडी -शासकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा सात दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण विशेष शिविर का आयोजन 18 फरवरी 2026 से 24 फरवरी 2026 तक ग्राम पंचायत कचनारी के बिरासिनी देवी प्रांगण में किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ बुधवार को श्रद्धा, उत्साह और सेवा भाव के वातावरण में संपन्न हुआ।

उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत कचनारी के सरपंच, ग्राम पंचायत पाली के सरपंच दीनू सिंह ठाकुर, पंचायत सचिव श्री रामचंद्र तथा महाविद्यालय के प्राचार्य श्री रतिराम जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बिरासिनी देवी एवं सरस्वती माता के चित्र पर पुष्प अर्पण, तिलक वंदन एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने स्वयंसेवकों को सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के मूल्यों पर चलने की प्रेरणा दी।

शिविर प्रभारी डॉ. लक्ष्मी प्रसाद बागरी ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने स्वयंसेवकों को आगामी सात दिनों में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा समझाते हुए स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, जन स्वास्थ्य जागरूकता तथा व्यक्तिगत स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष गतिविधियाँ संचालित करने की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि NSS स्वयंसेवक समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक होते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिविर में शामिल 50 छात्र-छात्राएँ सात दिनों तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करेंगे।

उद्घाटन सत्र में डॉ. अंकुर उमर एवं डॉ. हेमंत चौरसिया सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, छात्र-छात्राएँ और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा और स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण के साथ समाज सेवा करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button