यहां 24 दिसंबर रविवार को सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों की नहीं रहेगी छुट्टी, आदेश हुआ जारी
कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी
भोपाल/सागर- संडे की छुट्टी का इंतजार हर सरकारी अधिकारी-कर्मचारी को होता है। हफ्तेभर काम करने के बाद संडे को परिवार के साथ वक्त बिताने या फिर घूमने फिरने के लिए पूरे हफ्ते लोग इंतजार करते हैं। लेकिन सागर जिले में इस बार संडे को अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टी नहीं रहेगी। कलेक्टर ने आने वाले 24 दिसंबर दिन रविवार को सभी अधिकारी-कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है और इसका आदेश भी जारी कर दिया है।

सागर में संडे को सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टी नहीं
सागर कलेक्टर दीपक आर्य ने गुरुवार को एक आदेश जारी किया है जिसमें सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों की आगामी संडे (24 दिसंबर) को सभी प्रकार के अवकाश तत्काल प्रभाव से रोकने का जिक्र है। दरअसल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 24 दिसंबर को सागर दौर पर हैं और इसी के मद्देनजर सागर कलेक्टर ने संडे को सभी अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल कर दी है। कलेक्टर के आदेश में लिखा है- 24 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सागर जिले में प्रवास कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिसके दृष्टिगत सभी अधिकारी/कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाती है।



