आधारअपडेट से लेकर राजस्व प्रकरणों तक सख़्ती के मूड में कलेक्टर आधार कैंपों के माध्यम से नागरिकों का समग्र ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश टीएल बैठक में अनुपस्थित रहने पर दो तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आधारअपडेट से लेकर राजस्व प्रकरणों तक सख़्ती के मूड में कलेक्टर आधार कैंपों के माध्यम से नागरिकों का समग्र ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश टीएल बैठक में अनुपस्थित रहने पर दो तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस
कलयुग की कलम कटनी -जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने प्रशासनिक अमले को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर लग रहे आधार कैंपों के माध्यम से नागरिकों का आधार अपडेट कराकर समग्र ई-केवाईसी का कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टीएल बैठक में अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने गैर-न्यायिक तहसीलदार विजयराघवगढ़ श्री प्रसन्न वर्मा एवं तहसीलदार कटनी श्री हर्षवर्धन रामटेके को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार एवं अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
समग्र मैपिंग में लापरवाही पर नाराज़गी
कलेक्टर श्री तिवारी ने समग्र आईडी में गलत मैपिंग के मामलों पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए सभी जनपद पंचायत सीईओ को स्पष्ट चेतावनी दी कि इस प्रकार की लापरवाही दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए।
आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेज़ी के निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर को जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी से समन्वय कर कार्ययोजना बनाने और जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में तेज़ी लाने के निर्देश दिए।
मतदाता सूची, पेंशन व भूमि आवंटन की समीक्षा
कलेक्टर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), लंबित पेंशन प्रकरणों तथा नगर निगम व नगर परिषद के भूमि आवंटन मामलों की विस्तार से समीक्षा की।
आधार कैंपों की प्रगति
बैठक में जानकारी दी गई कि ग्राम पंचायतों में संचालित आधार कैंपों के माध्यम से प्रतिदिन 600 से 700 नागरिकों को सेवाओं का लाभ मिल रहा है। अब तक लगभग 6 हजार बच्चों के आधार अपडेट किए जा चुके हैं। वहीं बीते एक सप्ताह में जिले में 5 हजार 693 अपार आईडी का निर्माण किया गया है।
धान उपार्जन में व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
धान उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी गोदाम के पूर्ण भर जाने पर ही धान का भंडारण अन्य गोदाम में स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खरीदी केंद्रों पर धान खुले में न रखी जाए और अवैध धान भंडारण एवं परिवहन की नियमित जांच कर सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अभिलेख दुरुस्ती प्रकरणों में जिम्मेदारी तय
अभिलेख दुरुस्ती के मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि पटवारी प्रतिवेदन अपने अभिमत सहित एसडीएम को भेजें। वहीं एसडीएम को भी निर्देशित किया गया कि प्रकरण स्वीकार करने से पूर्व सभी दस्तावेजों की जांच अनिवार्य रूप से करें। नवीन पटवारियों को अभिलेख दुरुस्ती संबंधी प्रशिक्षण देने के निर्देश अपर कलेक्टर को दिए गए।कलेक्टर ने लंबे समय से लंबित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष ज़ोर दिया, विशेषकर रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर सख़्ती
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य, वन, कृषि, जल संसाधन, स्कूल शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, नगरीय विकास, खनिज, पीएचई, अनुसूचित जाति कल्याण, सहकारिता, परिवहन, ऊर्जा सहित अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा की और लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण कर रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग अंतर्गत तहसीलवार लंबित शिकायतों पर भी गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में सभी डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, जिला पंजीयक श्री पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मरकाम, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण श्री विमल चौरसिया, जिला रोजगार अधिकारी श्री डी.के. पासी, जिला कोषालय अधिकारी श्री अरविंद सिंह, जिला पेंशन अधिकारी सुश्री नीतू गुप्ता, जिला खनिज अधिकारी श्री रत्नेश दीक्षित, जिला श्रम अधिकारी श्री के.बी. मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



