Blog

उज्जैन महाशिवरात्रि पर दर्शन करने आए भक्तों की सुविधा के लिए रात 2.30 बजे खुल गए महाकाल के पट, 12 लाख श्रद्धालुओं के पहुचने की उम्मीद

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

उज्जैन- महाशिवरात्रि पर महाकाल की नगरी श्रद्धालुओं से पट गई है। यहां रात से ही लाखों भक्तों की लंबी कतार लगी है। एक दिन पहले से ही लोग महाकाल की पूजा और दर्शन के लिए उज्जैन आ चुके थे। महाशिवरात्रि पर दर्शन करने आए भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर के पट रात 2.30 बजे ही खोल दिए गए।
मंदिर प्रशासन का अनुमान है कि इस बार महाशिवरात्रि के मौके पर 12 लाख से भक्त दर्शन करने आएंगे। महाकाल मंदिर में इस बार भक्तों के लिए लगातार 44 घंटों तक दर्शन की सुविधा दी गई है। गुरुवार को रात 2.30 बजे महाकाल मंदिर के पट खोल दिए गए जोकि शनिवार को रात 10.30 बजे तक खुले रहेंगे।
45 मिनट में दर्शन कराने का दावा
मंदिर प्रशासन ने इस बार भक्तों को 45 मिनट में दर्शन कराने का दावा किया है। हालांकि लंबी लाइन में कई लोग रात से ही खड़े हैं।

शहरभर में 10 जगहों पर पार्किंग

महाशिवरात्रि पर्व पर एक दिन पहले से हरिफाटक क्षेत्र नो व्हीकल जोन कर दिया गया है। अब यहां वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित किए गए हैं। इसी तरह नृसिंहघाट क्षेत्र में भी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उज्जैन में इस बार 10 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। शहर में आने वाले हर रूट पर दो-दो पार्किंग बनाई गई है, जहां श्रद्धालु अपने वाहन खड़े कर रहे हैं।
पुराने शहर के कई मार्ग डायवर्ट डीएसपी विक्रमसिंह कनपुरिया ने बताया शिवरात्रि पर्व पर पुराने शहर के कई मार्ग डायवर्ट हैं। इसके अलावा शिवरात्रि पर्व के मौके पर बाहरी शहर के मार्ग पर भारी वाहनों को डायवर्ट किया गया है। 7 मार्च को शाम 4 बजे से शहर के बाहरी मार्ग डायवर्ट कर दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button