सतना/कटनी- नेशनल हाईवे-30 पर झुकेही चौकी क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में मंडला निवासी तीन मछुआरों की मौत हो गई। आठ अन्य मछुआरे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा तड़के चार बजे हुआ।
बताया गया कि घने कोहरे के चलते शुक्रवार को भोर में 4 बजे तेल टैंकर सीजी 10 बीएन 1584 और मछुआरों को ले जा रहे पिकअप वाहन एमपी 15 जी 1981 में जोरदार टक्कर हो गई। पिकअप वाहन मैहर की तरफ से और टैंकर कटनी तरफ से आ रहा था। घटना की सूचना मिलते ही अमदरा पुलिस सहित कटनी जिले की कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भीषण टक्कर के चलते सभी घायल वाहन में फंसे हुए थे। पुलिस ने क्रेन बुलाकर काफी देर तक मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
इनकी हुई मौत
मृतकों में मंडला के शाहपुरी ग्राम निवासी छोटेलाल बर्मन 19 पिता गणेश, डोंगरिया निवासी रोहित धुर्वे 24 पिता अशोक व शिवकुमार करियार 32 शामिल हैं। राजकुमार बर्मन, बत्ती ठाकुर, अंजलि बर्मन, उमेश बर्मन, रोहित बर्मन, विजय बर्मन, गौरी बर्मन व राजेंद्र बर्मन घायल हैं। हादसे के शिकार हुए दोनों वाहनों को जब्त कर झुकेही चौकी के सुपुर्द किया गया है।
मछली मारकर लौट रहे थे
मंडला जिले के अलग-अलग गांवों से डेढ़ दर्जन मछुआरे बीते सप्ताह रामनगर आए थे। मछली मारने के बाद गुरुवार देररात दो बजे मंडला जाने के लिए निकले। घटना के बारे में घायलों ने बताया कि हादसे के बाद सभी घायल पिकअप वाहन में बुरी तरह फंसे हुए थे। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद तत्काल ही थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के साथ थाने का स्टाफ घटनास्थल पर जा पहुंचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।