आस्थामध्यप्रदेश

आस्था का सैलाब: सिलौंडी में देवी मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़, गूंजे जयकारे

कलयुग की कलम से राकेश यादव

आस्था का सैलाब: सिलौंडी में देवी मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़, गूंजे जयकारे

कलयुग की कलम सिलौंडी – क्षेत्र में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर देवी मंदिरों में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रसिद्ध मां वीरासन देवी और महादेवी मंदिर दशरमन सहित समूचे क्षेत्र के देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए उमड़ पड़े और पूरे वातावरण में भक्ति की गूंज सुनाई दी।

मां कंकाली देवी मंदिर कुंसरी, मां चौसठ योगी मंदिर खमरिया बागरी सहित अन्य देवी मंदिरों में भी दिनभर पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। भक्तों ने विधि-विधान से माता रानी का पूजन, आरती और जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं ने सुबह-सुबह मंदिर पहुंचकर जल चढ़ाया और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। “जय माता दी” के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे नवरात्रि की पावनता और उल्लास का अनुभव हर किसी को हुआ।

इसी क्रम में सिलौंडी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर दरबार में नवदिवसीय देवी पुराण के आयोजन के तहत भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सिर पर कलश धारण कर महिलाएं भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुईं और पूरे नगर में धार्मिक वातावरण का संचार किया।

कलश यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया गया और पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया गया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई थीं।

नवरात्रि के इस पावन अवसर पर क्षेत्र के सभी मंदिरों में भक्तों की आस्था देखते ही बन रही है। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर यह आयोजन पूरे क्षेत्र को धार्मिक रंग में रंगता नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button