पहले मतदान, फिर अन्य काम” — सनकुई में गूंजे लोकतंत्र के स्वर एनएसएस शिविर में मतदाता जागरूकता रैली, ग्रामीणों को दिलाई मतदान की शपथ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

“पहले मतदान, फिर अन्य काम” — सनकुई में गूंजे लोकतंत्र के स्वर एनएसएस शिविर में मतदाता जागरूकता रैली, ग्रामीणों को दिलाई मतदान की शपथ
कलयुग की कलम उमरिया पान – शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा शासकीय प्राथमिक विद्यालय सनकुई में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन मतदाता जागरूकता को लेकर प्रभावी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रभारी प्राचार्य डॉ. बृजलाल अहिरवार के मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने ग्रामवासियों को मतदान के प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरक रैली निकाली।

सुबह स्वयंसेवकों ने प्रभात फेरी, व्यायाम, प्राणायाम, योग एवं परेड अभ्यास से दिन की शुरुआत की। इसके बाद “वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है”, “सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो” और “जन-जन की है यही पुकार, वोट डालो अबकी बार” जैसे नारों के साथ गांव में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अपने मताधिकार का सही उपयोग करने का आह्वान किया।
रैली के दौरान रामकिशन, रितिक, अर्जुन, शिवा, सोहन, अनुज कुमार लोधी, रामकेश, अभिषेक कुमार लोधी, अभिजीत कुमार लोधी, रोहित कुमार लोधी और अनिल कुमार लोधी सहित अनेक ग्रामीणों को मतदाता शपथ दिलाई गई। स्थानीय स्वयंसेविका राधा पटेल के आग्रह पर स्वयंसेवक उनके घर पहुँचे, जहाँ उनके पिता उदयभान पटेल और माता उषा बाई ने तिलक लगाकर सभी का आत्मीय स्वागत किया और शिविर की सफलता की शुभकामनाएँ दीं।
बौद्धिक सत्र में रेशमा पटेल और चंद्र कुमार ने अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला सनकुई के शिक्षक भुवनेश्वर बर्मन ने “लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका” विषय पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की नींव होते हैं। श्री अजय पटेल ने स्वयंसेवकों को अनुशासन और टीमवर्क का महत्व बताया, जबकि अश्वनी पटेल ने अपने छात्र जीवन में एनएसएस स्वयंसेवक रहते हुए प्राप्त अनुभव साझा कर युवाओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापक श्रीमती अंजु कोल, स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी ने संचालन करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
यह रैली न केवल मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश देने में सफल रही, बल्कि युवाओं और ग्रामीणों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।



