प्रशासनमध्यप्रदेश

स्लीमनाबाद स्टेशन पर जनआक्रोश का विस्फोट हजारों ग्रामीणों का रेल रोको आंदोलन, एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग पर रेलवे ने दिया लिखित आश्वासन

कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्लीमनाबाद स्टेशन पर जनआक्रोश का विस्फोट हजारों ग्रामीणों का रेल रोको आंदोलन, एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग पर रेलवे ने दिया लिखित आश्वासन

कलयुग की कलम स्लीमनाबाद – स्लीमनाबाद रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की लंबे समय से चली आ रही मांग मंगलवार को बड़े जनआंदोलन के रूप में सामने आई। ग्राम विकास संघर्ष समिति के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में सुबह से ही हजारों की संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अपडाउनर्स स्टेशन परिसर में जुट गए। लोगों ने एक स्वर में मांग उठाई कि क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का स्लीमनाबाद में ठहराव सुनिश्चित किया जाए।

आंदोलनकारियों का कहना था कि स्लीमनाबाद क्षेत्र व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण है, लेकिन यहां एक्सप्रेस ट्रेनों के न रुकने से लोगों को कटनी या अन्य स्टेशनों तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इन ट्रेनों के स्टॉपेज की उठी मांग

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से रीवा–इतवारी एक्सप्रेस, जबलपुर–अंबिकापुर इंटरसिटी और जबलपुर–सिंगरौली इंटरसिटी ट्रेनों का स्लीमनाबाद स्टेशन पर ठहराव शुरू करने की मांग रखी। आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि इन ट्रेनों का स्टॉपेज यहां हो जाए तो क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों ने दिया लिखित भरोसा

आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर मंडल के रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को लिखित रूप में आश्वासन देते हुए बताया कि रीवा–इतवारी एक्सप्रेस (11753/54) के प्रायोगिक ठहराव के लिए रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है और इसकी अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।

इसके साथ ही जबलपुर–अंबिकापुर इंटरसिटी और जबलपुर–सिंगरौली इंटरसिटी ट्रेनों के स्टॉपेज का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्राम विकास संघर्ष समिति ने फिलहाल आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद

इस आंदोलन में जिला पंचायत सदस्य प्रदीप त्रिपाठी, अमरदीप साहू, दीपक तिवारी, सरपंच कल्लू दास बैरागी, मदन सिंह, जगदेव पटेल, महेंद्र दुबे, रामानुज पांडे, ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, सीताराम दुबे, अमित गर्ग, विजय साहू सहित दीनू पांडे, संटु अग्रहरि, अरविंद अग्रहरि, संतोष सिंह, विक्की जैन, अजय विश्वकर्मा, बिंदेश्वरी पटेल, गंगाधर बढ़गैया, अविनाश तिवारी, मंगल सिंह, माधुरी जैन, अजय नामदेव, जितेंद्र सिंह, विपिन सिंह और लालू खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अपडाउनर्स उपस्थित रहेआंदोलन के दौरान पूरे स्टेशन परिसर में जनसमूह का उत्साह और एकजुटता देखने को मिली। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रेनों का ठहराव शुरू नहीं हुआ तो भविष्य में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button