प्रशासनमध्यप्रदेश

स्लीमनाबाद में आबकारी का बड़ा प्रहार अवैध हाथ भट्ठी शराब पर शिकंजा, 75 हजार से अधिक की मदिरा व महुआ लाहन जब्त

कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्लीमनाबाद में आबकारी का बड़ा प्रहार अवैध हाथ भट्ठी शराब पर शिकंजा, 75 हजार से अधिक की मदिरा व महुआ लाहन जब्त

कटनी। जिले में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग ने स्लीमनाबाद वृत्त में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हाथ भट्ठी शराब के कारोबार पर करारा प्रहार किया।

बुधवार को आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त स्लीमनाबाद, कटनी क्रमांक 1 एवं 3 की संयुक्त टीम ने ग्राम डोंगरिया, सिहुड़ी तथा तेवरी के भाटिया मोहल्ला में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और तैयार मदिरा बड़ी मात्रा में बरामद की गई।

जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम के अनुसार टीम ने 33 लीटर हाथ भट्ठी शराब तथा प्लास्टिक के ड्रमों में भरा लगभग 705 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। जब्त सामग्री के आधार पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल 13 प्रकरण दर्ज किए गए। महुआ लाहन का नमूना सुरक्षित रखते हुए शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

इस संयुक्त कार्रवाई में वृत्त प्रभारी अतुल कुटार, आबकारी उपनिरीक्षक आंचल प्रजापति, केशव उइके तथा आबकारी आरक्षक राजेश गौंटिया, राम सिंह, चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी और अनुराग शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button