जिला अस्पताल में सुरक्षा से सोलर ऊर्जा तक बड़े फैसले कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक, मेडिकल कॉलेज और नए गेट को मिली गति
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जिला अस्पताल में सुरक्षा से सोलर ऊर्जा तक बड़े फैसले कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक, मेडिकल कॉलेज और नए गेट को मिली गति
कल की कल कटनी -जिला चिकित्सालय कटनी में रोगी सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा और अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण को लेकर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक एमसीएच न्यू बिल्डिंग स्थित मीटिंग हॉल में हुई, जिसमें मुड़वारा विधायक श्री संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक एवं दानदाता सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि जिला अस्पताल परिसर में एनएचएम के माध्यम से 1.19 करोड़ रुपये की लागत से फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक ऑडिट में सामने आए बिंदुओं पर सुधार कार्य जारी है। वहीं अस्पताल को 100 मेट्रेस कवर, डेंटल चेयर कम्प्रेसर, दो एयर कंडीशनर, टंकी ओवरफ्लो वाल्व, मल्टीपेरा मॉनिटर, अस्थिरोग उपचार उपकरण सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट और नवंबर 2025 तक के वित्तीय लेखों का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसे सदन ने अनुमोदित किया। विधायक श्री जायसवाल ने रोगी कल्याण समिति के बचत खाते को एफडी खाते में परिवर्तित करने के निर्देश दिए। वहीं साइकिल स्टैंड ठेकेदार को बकाया 5.88 लाख रुपये जमा करने हेतु अंतिम नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया।
रोगियों से ली जाने वाली एक्स-रे व अन्य सेवाओं के उपयोगिता प्रभार पर चर्चा के बाद कलेक्टर ने कॉस्ट-बेनेफिट एनालिसिस कर अगली बैठक में पुनः प्रस्ताव रखने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा अस्पताल पर लंबित लगभग 60 लाख रुपये की देयता वसूली के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
बैठक में रेस्को मोड पर सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली। साथ ही वर्ष 2025-26 के पहले आठ महीनों में दी गई रोगी सेवाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई, जिस पर समिति ने संतोष व्यक्त किया। स्टाफ की कमी दूर करने के लिए सीएमएचओ को निर्देश दिए गए।
मेडिकल कॉलेज और नया गेट होगा सुविधाजनक
पीपीपी मॉडल पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की प्रगति की जानकारी दी गई। विधायक श्री जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की सभी कार्यवाहियां समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं मुड़वारा स्टेशन की ओर अस्पताल परिसर में नया गेट खोलने के प्रस्ताव पर सहमति बनी, जिससे केजुअल्टी तक त्वरित पहुंच संभव हो सकेगी।
दानदाताओं का योगदान
बैठक में श्रीमती कामिनी जौहर ने 6 से 12 चैनल की ईसीजी मशीन दान देने की घोषणा की। श्री सुमित अग्रवाल ने सीबी नाट मशीन के लिए यूपीएस और 100 कंबल शिशुरोग विभाग को भेंट किए।
इसके अलावा शौचालय सुधार हेतु प्रस्तावित राशि विधायक निधि अथवा जिला खनिज निधि से स्वीकृत कराने के निर्देश दिए गए। वर्ष 1983 में निर्मित 80 बिस्तरीय आईसीयू व मेडिकल वार्ड का नामकरण तत्कालीन प्रभारी डॉ. ए.पी. सिंह के नाम पर करने पर भी समिति ने सहमति जताई।



