प्रशासनमध्यप्रदेश

मिशन शक्ति की गूंज: ढीमरखेड़ा से कटनी तक बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता की सशक्त पहल

कलयुग की कलम से राकेश यादव

मिशन शक्ति की गूंज: ढीमरखेड़ा से कटनी तक बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता की सशक्त पहल

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिले में महिलाओं के अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन शक्ति अंतर्गत निरंतर विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रभावशाली गतिविधियां संपन्न हुईं।

बाल विवाह रोकथाम की दिलाई शपथ

विकासखंड विजयराघवगढ़ के सी.एम. राइज स्कूल कारीतलाई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सभी ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शपथ लेकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

पोस्टर प्रतियोगिता से दिया सशक्त संदेश

विकासखंड ढीमरखेड़ा में शासकीय महाविद्यालय सिलौड़ी एवं शासकीय कन्या हाई स्कूल सिलौड़ी में जेंडर आधारित हिंसा की रोकथाम एवं बाल विवाह उन्मूलन विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से महिला अधिकारों, लैंगिक समानता और बाल विवाह विरोधी संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में उभरी सामाजिक चेतना

जैन सन्मति सागर कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी में परियोजना अधिकारी श्रीमती अनुपमा आटे की उपस्थिति में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, बालिकाओं के अधिकार एवं लैंगिक समानता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

मानव श्रृंखला बनाकर लिया संकल्प

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्हवारा में परियोजना अधिकारी श्रीमती विद्या पाण्डेय के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

हेल्पलाइन की दी जानकारी, जेंडर संवेदनशीलता पर जोर

विकासखंड बड़वारा के शासकीय हाई स्कूल मझगवा में परियोजना अधिकारी श्री इंद्रकुमार साहू की उपस्थिति में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में छात्रों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन नंबर 112 सहित जेंडर समानता एवं संवेदनशीलता की जानकारी दी गई।

Related Articles

Back to top button