दशहरे जैसा माहौल: उमरिया पान में चैत्र नवरात्रि की दसवीं पर महाकाली-दुर्गा प्रतिमाओं का भव्य चल समारोह, उमड़ी आस्था की भीड़
कलयुग की कलम से राकेश यादव

दशहरे जैसा माहौल: उमरिया पान में चैत्र नवरात्रि की दसवीं पर महाकाली-दुर्गा प्रतिमाओं का भव्य चल समारोह, उमड़ी आस्था की भीड़
कलयुग की कलम उमरिया पान – चैत्र नवरात्रि की दसवीं तिथि पर उमरिया पान नगर में आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महाकाली एवं दुर्गा प्रतिमाओं का भव्य चल समारोह पूरे नगर में धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाला गया, जिसने माहौल को मानो दशहरे जैसा बना दिया। नगर के विभिन्न मोहल्लों से सजी-धजी आकर्षक प्रतिमाएं निकलकर एक साथ मुख्य मार्गों पर पहुंचीं, जहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

सुबह से ही श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए उमरिया पान पहुंचने लगे थे। दूर-दूर के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में भक्तजन आए, जिससे नगर पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग गया। जैसे ही चल समारोह प्रारंभ हुआ, ढोल-नगाड़ों और डीजे की गूंजती धुनों के बीच युवक-युवतियां झूमते नजर आए। श्रद्धालु “जय माता दी” के जयकारों के साथ पूरे उत्साह में माता की आराधना करते रहे।


मिलन-भेंट के बाद प्रतिमाएं विसर्जन के लिए रवाना हुईं। देर रात तक नगर में उत्सव का माहौल बना रहा। डीजे की धुनों पर युवा वर्ग जहां उत्साह से थिरकता रहा, वहीं बच्चे और बुजुर्ग भी इस आयोजन का भरपूर आनंद लेते दिखाई दिए।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन अपनी पूरी टीम के साथ लगातार चल समारोह के साथ मौजूद रहा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।




