सिलौंडी में श्रीमद् भागवत कथा का दिव्य शुभारंभ, आयोजनकर्ता जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय के सानिध्य में श्री राधा–कृष्ण की मनोहारी झांकी संग निकली भव्य कलश यात्रा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सिलौंडी में श्रीमद् भागवत कथा का दिव्य शुभारंभ, आयोजनकर्ता जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय के सानिध्य में श्री राधा–कृष्ण की मनोहारी झांकी संग निकली भव्य कलश यात्रा
कलयुग की कलम सिलौंडी -धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब सिलौंडी में श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह पावन आयोजन जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कविता पंकज राय के सानिध्य और आयोजनकर्ता के रूप में सम्पन्न हुआ। वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक पंडित दिव्य कृष्ण जी महाराज के मार्गदर्शन में निकली इस कलश यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
कलश यात्रा का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय के निवास से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात यात्रा श्रीराम मंदिर, बाजार मोहल्ला, बड़ी मढ़िया, श्री बालाजी मंदिर से होते हुए बस स्टैंड मार्ग से कथा स्थल तक पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान सतेंद्र राय, रमा राय एवं जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय ने सभी प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर विधिविधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कलश यात्रा की विशेष आकर्षण रही श्रीराधा-कृष्ण की अनुपम एवं मनोहारी झांकी, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान श्रीकृष्ण के मधुर भजनों पर राधा-कृष्ण स्वरूपों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने वातावरण को वृंदावनमय बना दिया। “राधे-राधे” और “हरे कृष्ण” के जयघोष से पूरा सिलौंडी गांव गूंज उठा। भक्त भाव-विभोर होकर नृत्य, भजन और कीर्तन में लीन नजर आए।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बच्चे हजारों की संख्या में शामिल हुए। सिर पर कलश धारण किए महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति भाव से ओत-प्रोत दिखाई दीं। युवाओं ने अनुशासन और सेवा भाव के साथ यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांव के हर वर्ग की सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया कि सिलौंडी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं आज भी पूरी जीवंतता के साथ कायम हैं।
कथावाचक पंडित दिव्य कृष्ण जी महाराज द्वारा आगामी दिनों में श्रीमद् भागवत कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। कथा का उद्देश्य समाज में सद्भाव, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।
आयोजनकर्ता जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय ने सभी श्रद्धालुओं, ग्रामवासियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे आयोजन समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा देने का कार्य करते हैं। भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुई यह कथा सिलौंडी के धार्मिक इतिहास में एक स्मरणीय अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है।



