सतना- मैहर जिले की अमरपाटन जनपद पंचायत की अध्यक्ष माया पाण्डेय को गोली मारने की धमकी देने वाले जनपद पंचायत सीईओ ओपी अस्थाना को पन्ना पुलिस ने राजादहार देवेंद्रनगर के पास से गिरफ्तार किया है। सीईओ को गिरफ्तार करने के बाद मैहर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सीईओ कार्रवाई की भनक लगते ही भागने का प्रयास कर रहे थे। मैहर पुलिस की सूचना पर यह कार्रवाई की गई।
मैहर पुलिस को मुखबिर से शुक्रवार सुबह 9 बजे सूचना मिली कि अमरपाटन जनपद पंचायत के सीईओ ओपी अस्थाना फरार होने की नीयत से अमरपाटन, मैहर, नागौद, देवेंद्रनगर से पन्ना की ओर जा रहे है। मैहर पुलिस ने पन्ना पुलिस से सीईओ को पकड़ने कार नबंर के साथ फोटो साझा किया। जिसके बाद पन्ना पुलिस ने दो टीमें बनाकर पन्ना से देवेंद्रनगर की ओर भेजीं और राजादहार के पास सीईओ की कार को ओवर टेक कर उसे पकड़ लिया।सीईओ को गिरफ्तार करने के बाद सतना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जनपद पंचायत अमरपाटन की अध्यक्ष माया पाण्डेय ने जपं के सीईओ ओपी अस्थाना के खिलाफ एसपी मैहर, कलेक्टर मैहर और जिला पंचायत सीईओ सतना से शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने जनपद सीईओ ओपी अस्थाना पर उन्हें उनके पति व बच्चों को गोली मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। जनपद सीईओ ओपी अस्थाना और जनपद अध्यक्ष माया पांडेय का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था जिसमें अस्थाना जनपद अध्यक्ष को गोली चलवाने की धमकी दे रहे थे।