ढीमरखेडा़ ‘संकल्प से समाधान’ शिविर बना उम्मीद की किरण: एक ही छत के नीचे मिली योजनाओं की सौगात, मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेडा़ ‘संकल्प से समाधान’ शिविर बना उम्मीद की किरण: एक ही छत के नीचे मिली योजनाओं की सौगात, मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान
कल की कलम ढीमरखेड़ा – मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव की जनकल्याणकारी पहल “संकल्प से समाधान – नर सेवा ही नारायण सेवा” अभियान के अंतर्गत 24 मार्च को मंगल भवन, ढीमरखेड़ा में खंड स्तरीय शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस शिविर ने ग्रामीणों के लिए शासन की योजनाओं तक सीधी पहुंच आसान बनाते हुए समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी मंच प्रदान किया।
शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गईं, जिससे आमजन को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया और पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। यह पहल प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
कार्यक्रम में बड़वारा विधायक श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संतोष दुबे, उपाध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पारस पटेल, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी,सिलौंडी मंडल अध्यक्ष मनीष बागरी , उमरिया पान मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, सोनू गौतम, तातू चौरसिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती निधि गोहल, जनपद सीईओ यजुर्वेद कोरी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी आरती यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, इंजीनियर, सरपंच और सचिव भी मौजूद रहे।
क्या है ‘संकल्प से समाधान’ अभियान?
यह अभियान शासन की एक महत्वपूर्ण हितग्राही मूलक पहल है, जिसका उद्देश्य पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना है। इसके तहत गांव-गांव में शिविर आयोजित कर विभिन्न विभागों की सेवाएं एक स्थान पर दी जाती हैं, ताकि आमजन को सुविधाएं सरलता से मिल सकें।
इस अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में पात्र हितग्राहियों की पहचान, योजनाओं की जानकारी का प्रसार, मौके पर आवेदन स्वीकार करना और त्वरित निराकरण शामिल है। साथ ही, शासन की योजनाओं जैसे सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि से जुड़ी सेवाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह के शिविर शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करते हैं और समस्याओं के समाधान को गति देते हैं। कुल मिलाकर, ‘संकल्प से समाधान’ अभियान ग्रामीणों के लिए राहत और विश्वास का माध्यम बनकर उभर रहा है।



