बोर्ड परीक्षाओं की गोपनीय सामग्री वितरण की तिथि तय 6 फरवरी से प्रश्न पत्रों का वितरण, केन्द्राध्यक्षों को सख्त निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव
बोर्ड परीक्षाओं की गोपनीय सामग्री वितरण की तिथि तय 6 फरवरी से प्रश्न पत्रों का वितरण, केन्द्राध्यक्षों को सख्त निर्देश
कलयुग की कलम कटनी — माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी परीक्षा 2026 की तैयारियों के तहत परीक्षाओं की गोपनीय सामग्री एवं प्रश्न पत्रों का वितरण 6 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा। जिले में इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 94 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार विकासखंड बहोरीबंद, ढीमरखेड़ा, बड़वारा एवं विजयराघवगढ़ के अंतर्गत आने वाले 59 परीक्षा केन्द्रों के लिए गोपनीय सामग्री एवं प्रश्न पत्रों का वितरण 6 फरवरी को किया जाएगा। वहीं विकासखंड कटनी एवं रीठी के 35 परीक्षा केन्द्रों हेतु सामग्री वितरण 7 फरवरी को किया जाएगा। वितरण कार्य प्रातः 10 बजे से समन्वयक केन्द्र शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधव नगर कटनी में संपन्न होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी ने सभी परीक्षा केन्द्रों के संस्था प्रमुखों एवं प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे नियत तिथि एवं स्थान पर जिम्मेदार कर्मचारी, दो ताले वाली पेटी तथा दो भृत्यों के साथ वितरण केन्द्र में उपस्थित होकर केन्द्राध्यक्ष के माध्यम से प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करें।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी परीक्षा केन्द्र के केन्द्राध्यक्ष अथवा सहायक केन्द्राध्यक्ष निर्धारित समयावधि में वितरण केन्द्र में उपस्थित नहीं होते हैं, तो माध्यमिक शिक्षा मण्डल के नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।



