खनिज माफियाओं पर कसा शिकंजा: 5 किमी पीछा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली दबोची, कटनी में बड़ी कार्रवाई अवैध उत्खनन पर प्रशासन सख्त, सुबह-सुबह घेराबंदी से मचा हड़कंप
कलयुग की कलम से राकेश यादव

खनिज माफियाओं पर कसा शिकंजा: 5 किमी पीछा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली दबोची, कटनी में बड़ी कार्रवाई अवैध उत्खनन पर प्रशासन सख्त, सुबह-सुबह घेराबंदी से मचा हड़कंप
कलयुग की कलम कटनी – जिले में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी और साहसिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला टास्क फोर्स की टीम ने करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ते हुए जब्त कर लिया, जिससे खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र की बंद पड़ी पुरानी लेटराइट खदानों से अवैध मलबा उठाव की सूचना पर खनिज विभाग की टीम पिछले दो दिनों से सक्रिय निगरानी कर रही थी।
गुप्त सूचना पर बनाई रणनीति
जांच के दौरान सामने आया कि कुछ स्थानीय लोग फावड़े-तसले से मलबा इकट्ठा कर उसका अवैध परिवहन कर रहे थे। इसके बाद खनिज अमले ने सुनियोजित रणनीति बनाकर कार्रवाई की तैयारी की।
सुबह 6 बजे घेराबंदी, फिर 5 किमी पीछा
रविवार 12 अप्रैल की अलसुबह टीम ने घेराबंदी कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा। टीम को देखते ही चालक ने ट्रॉली खाली कर भागने की कोशिश की, लेकिन अमले ने करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया।
माधवनगर थाने में खड़ा कराया वाहन
जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना माधवनगर में खड़ा कराया गया है। इस पूरी कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा और होमगार्ड स्टाफ की अहम भूमिका रही।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में तहसील स्तर पर टास्क फोर्स की कार्रवाई और तेज की जाएगी।सख्ती से बढ़ा खौफ: लगातार कार्रवाई से खनिज माफियाओं की कमर तोड़ने की तैयारी।



