प्रशासनमध्यप्रदेश

अपूर्ण निर्माण कार्य जल्द पूरे करें, पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करें – कलेक्टर श्री तिवारी डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश, वर्षों से लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के आदेश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अपूर्ण निर्माण कार्य जल्द पूरे करें, पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करें – कलेक्टर श्री तिवारी डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश, वर्षों से लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के आदेश

कलयुग की कलम कटनी – कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद से संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में चल रहे सभी अपूर्ण निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए और पूर्ण हो चुके कार्यों का तत्काल पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किया जाए।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। बैठक में पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागवार कार्यों की स्थिति प्रस्तुत की गई, जिसमें लंबित और प्रगतिरत कार्यों पर विशेष चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग के कार्यपालन यंत्री, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी धनश्री जैन तथा जिला परियोजना समन्वयक प्रेमनारायण तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिला खनिज प्रतिष्ठान मद के अंतर्गत जिले में कुल 253 निर्माण कार्य स्वीकृत हैं, जिनमें से 92 कार्य वर्तमान में प्रगतिरत हैं। कलेक्टर ने सभी कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर तिवारी ने कहा कि जिन स्थानों पर निर्माण कार्य अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो रहे हैं, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाए ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही कई वर्षों से अधूरे पड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।

इन विभागों के कार्य चल रहे

समीक्षा में बताया गया कि डीएमएफ मद से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 46, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 22, जल संसाधन विभाग के 5 तथा लोक निर्माण विभाग का 1 कार्य प्रगतिरत है। इसके अलावा नगर निगम, जिला शिक्षा केंद्र, मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम भोपाल, शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़, जनभागीदारी समिति, शासकीय महाविद्यालय बरही, सहकारी दुग्ध समिति सांची, नगर परिषद बरही तथा परियोजना क्रियान्वयन इकाई कटनी के अंतर्गत भी एक-एक निर्माण कार्य जारी है।

कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर उन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि जिले के विकास कार्यों का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके।

Related Articles

Back to top button