मासूम की मुस्कान लौटाने में उमरियापान पुलिस की सराहनीय पहल भटकी हुई 7 वर्षीय बालिका को सुरक्षित परिजनों से मिलाया, पुलिस की तत्परता से खिल उठे परिवार के चेहरे
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मासूम की मुस्कान लौटाने में उमरियापान पुलिस की सराहनीय पहल भटकी हुई 7 वर्षीय बालिका को सुरक्षित परिजनों से मिलाया, पुलिस की तत्परता से खिल उठे परिवार के चेहरे
कलयुग की कलम उमरिया पान – थाना उमरियापान पुलिस की तत्परता और सूझबूझ के चलते एक 7 वर्षीय गुमशुदा बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया। मासूम बच्ची को सकुशल वापस पाकर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस के इस मानवीय प्रयास की खुलकर सराहना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को डायल-112 पर सूचना मिली कि सुखदेव चौरसिया की होटल के पास एक छोटी बच्ची काफी देर से अकेली बैठी रो रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 और उमरियापान पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित थाना लेकर आई।
पुलिस द्वारा बच्ची से शालीनता और समझदारी से पूछताछ की गई। इस दौरान उसने बताया कि वह अपनी मौसी के घर रिश्तेदारी में आई थी और खेलते-खेलते उमरियापान की ओर निकल आई, जिससे रास्ता भटक गई। इसके बाद पुलिस ने बच्ची के छायाचित्र के आधार पर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान पता चला कि बच्ची कुदवारी मोहल्ला, उमरियापान में अपनी मौसी के घर आई हुई थी। पुलिस ने तत्काल ग्राम कुदवारी में उसकी मौसी की तलाश की और बाद में उसके माता-पिता को थाना बुलाकर बच्ची को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।
अपनी मासूम बच्ची को सकुशल पाकर परिजन भावुक हो उठे और उमरियापान पुलिस के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र जायसवाल, प्रधान आरक्षक अजय सिंह, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक नीलेश पटेल, आरक्षक मोहन मुबेल, महिला आरक्षक दुर्गा शुक्ला सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



