124 फरियादियों की आवाज बने कलेक्टर श्री तिवारी जनसुनवाई में समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, अधिकारियों को सख्त हिदायत
कलयुग की कलम से राकेश यादव

124 फरियादियों की आवाज बने कलेक्टर श्री तिवारी जनसुनवाई में समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, अधिकारियों को सख्त हिदायत
कलयुग की कलम कटनी -आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने 124 नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित इस जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ रखीं, जिन पर मौके पर ही कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंह उइके तथा जिला प्रबंधक लोक सेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
विस्थापन सहायता दिलाने के निर्देश
स्लीमनाबाद निवासी नीरज गुप्ता ने बताया कि टनल निर्माण के दौरान सुरक्षा कारणों से उनकी दुकान और मकान खाली कराया गया था। विस्थापन के समय मिली राशि पर्याप्त नहीं रही, जिससे व्यापार पुनः शुरू करने और मकान सुधार में कठिनाई हो रही है।
कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी और एनव्हीडीए अधिकारियों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लंबित नामांतरण पर तहसीलदार को निर्देश
विजयराघवगढ़ निवासी मनीराज शुक्ला ने बताया कि 2 अगस्त 2025 को जमीन नामांतरण हेतु आवेदन किया था, पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई।इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को शीघ्र नामांतरण प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बकरी पालन ऋण दिलाने की पहल
हीरापुर कौड़िया निवासी शकुंतला ने पशुपालन विभाग में बकरी पालन हेतु ऋण आवेदन लंबित होने की शिकायत की।कलेक्टर ने उपसंचालक पशुपालन को पात्रतानुसार शीघ्र ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
सेवानिवृत्त कर्मचारी का एरियर भुगतान कराने निर्देश
बड़वारा निवासी सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि उनके पिता राम सुरेश तिवारी, जो जनपद पंचायत बड़वारा में पीसीओ पद से 2021 में सेवानिवृत्त हुए, उन्हें सातवां वेतनमान एवं समयमान वेतन का एरियर अभी तक प्राप्त नहीं हुआ।
इस पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को आवश्यक कार्रवाई कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई: प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद
जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर समयसीमा में कार्यवाही कर आवेदकों को राहत प्रदान की जाए।



