प्रशासनमध्यप्रदेश

आज बरही पहुंचेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रशासन अलर्ट — तैयारियों में जुटे अधिकारी, अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं

कलयुग की कलम से राकेश यादव

आज बरही पहुंचेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रशासन अलर्ट — तैयारियों में जुटे अधिकारी, अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं

कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कटनी दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 14 मार्च को मुख्यमंत्री के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही आगमन को देखते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। मुख्यमंत्री का बरही में आगमन दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर प्रस्तावित है।

जारी आदेश के अनुसार कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर एवं अतिरिक्त सीईओ अनुराग मोदी को सौंपी गई है। वहीं वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार को हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेटिंग के लिए बांस-बल्ली की व्यवस्था करने का दायित्व दिया गया है।

नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री पवनसुत गुप्ता, जनपद पंचायत बड़वारा की सीईओ प्रभा तेकाम तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी बरही रामशिरोमणि त्रिपाठी को हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड, चलित शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई तथा फायर सेफ्टी प्रमाण पत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया संभालेंगे। वे कारकेड वाहन, बुलेटप्रूफ वाहन, विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और रोड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री शारदा सिंह और पीआईयू के कार्यपालन यंत्री उदल सिंह उइके को हेलीपैड स्थल पर बैरिकेटिंग, सेफ हाउस, मंच, पंडाल, प्रतीक्षालय, शौचालय तथा सड़कों की मरम्मत सहित लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है।

संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र कुमार पटेल, जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, महिला सशक्तिकरण अधिकारी वनश्री कुर्वेती तथा तहसीलदार ढीमरखेड़ा नितिन कुमार पटेल को मंच पर विशिष्ट अतिथियों की बैठक व्यवस्था और मंचीय कार्यक्रम की जिम्मेदारी दी गई है।

डिप्टी कलेक्टर विंकी उइके हेलीपैड स्थल पर ज्ञापन एवं आवेदन प्राप्त करेंगी। वहीं एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी को वीआईपी वाहनों की व्यवस्था, कारकेड प्रबंधन, सर्किट हाउस में कमरों का आरक्षण तथा अतिथि सत्कार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी और ओमप्रकाश साहू वीवीआईपी एवं क्रू मेंबर के भोजन और अल्पाहार के नमूनों का परीक्षण करेंगे। विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री डी.एन. चौकीकर को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है।

आपात स्थिति में चिकित्सा व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन यशवंत वर्मा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह को एंबुलेंस, चिकित्सकों की ड्यूटी, हेल्थ कैंप तथा वीवीआईपी चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

कार्यक्रम के लिए स्थापित डीसीसी कंट्रोल रूम के प्रभारी लोक सेवा प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा और नापतौल निरीक्षक माजिद खान होंगे। वहीं ग्रामीण स्वास्थ्य यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता तथा एनआरएलएम परियोजना अधिकारी शबाना बेगम मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए गुलदस्ता और फूल-मालाओं की व्यवस्था करेंगे।

जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम पायलट और क्रू मेंबर के सत्कार की जिम्मेदारी संभालेंगी। लोक निर्माण विभाग की अनुविभागीय अधिकारी मानसी सिंह और विद्युत सुरक्षा की सहायक यंत्री ज्योति यादव को साउंड सिस्टम, माइक और विद्युत उपकरणों की टेस्टिंग कर सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी करने का कार्य सौंपा गया है।

कार्यक्रम के दौरान परिवहन व्यवस्था और वाहनों की फिटनेस की जिम्मेदारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल को दी गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह वीआईपी के लिए भोजन, अल्पाहार और पेयजल की व्यवस्था करेंगे।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम का मंच संचालन डाइट व्याख्याता राजेन्द्र असाटी करेंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभा पांडेय कन्या पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और रंगोली की व्यवस्था देखेंगी, जबकि श्रम पदाधिकारी के.बी. मिश्रा हितलाभ वितरण के लिए हितग्राहियों की सूची तैयार करेंगे।

Related Articles

Back to top button