महिला खेल प्रतिभा का उत्सव: विधानसभा स्तरीय खो-खो में सिलौंडी उपविजेता, बड़वारा बनी चैंपियन आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
कलयुग की कलम से राकेश यादव

महिला खेल प्रतिभा का उत्सव: विधानसभा स्तरीय खो-खो में सिलौंडी उपविजेता, बड़वारा बनी चैंपियन आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
कलयुग की कलम सिलौंडी -महिला खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन उस समय देखने को मिला जब शासकीय महाविद्यालय बड़वारा में विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय अंतर-महाविद्यालयीन महिला खो-खो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन बड़वारा विधायक श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के चार महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय बड़वारा, उमरियापान, सिलौंडी एवं ढीमरखेड़ा की महिला टीमों ने अपनी खेल कौशल, टीम भावना और जुझारूपन का परिचय दिया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला ढीमरखेड़ा एवं सिलौंडी महाविद्यालय के बीच खेला गया, जिसमें सिलौंडी की टीम ने सशक्त प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में शासकीय महाविद्यालय बड़वारा की टीम ने उमरियापान को पराजित कर फाइनल का टिकट कटाया।
इसके पश्चात फाइनल मुकाबला शासकीय महाविद्यालय बड़वारा एवं सिलौंडी के बीच खेला गया, जो पूरे समय दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर रहा। फाइनल मैच में दोनों टीमों ने अनुशासित खेल और रणनीति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। अंततः शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शासकीय महाविद्यालय बड़वारा की टीम विजेता बनी, जबकि सिलौंडी की टीम उपविजेता रही। सिलौंडी टीम के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में संघर्षशील खेल दिखाकर सभी का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर की देवकी पटेल एवं राधिका बर्मन ने निभाई। उल्लेखनीय है कि दोनों निर्णायक शासकीय महाविद्यालय बड़वारा की पूर्व राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खो-खो खिलाड़ी रह चुकी हैं, जिनके अनुभव और निष्पक्ष निर्णय से प्रतियोगिता का स्तर और अधिक ऊँचा रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। सांसद प्रतिनिधि श्री पदमेश गौतम सहित अन्य अतिथियों ने भी छात्राओं के खेल प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, नितिन पांडे, अनुराग गुप्ता, अजय सोनी, विश्व हिंदू परिषद महाकौशल प्रांत के प्रांत मंत्री उमेश माधव मिश्र, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेन्द्र जायसवाल, महाविद्यालय जनभागीदारी अध्यक्ष सोनेलाल साहू, प्राचार्य डॉ. एल. के. सिंह, उमरियापान महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आरती धुर्वे, सिलौंडी महाविद्यालय के प्राचार्य रतिराम अहिरवार, जनोद सदस्य विनय नागवंशी, पान उमरिया महाविद्यालय जनभागीदारी अध्यक्ष राजेश व्यवहार, हर्ष द्विवेदी, मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह, विकास यादव, अनिल दुबे, बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों द्वारा विजेता टीम शासकीय महाविद्यालय बड़वारा एवं उपविजेता टीम सिलौंडी को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही ढीमरखेड़ा एवं पान उमरिया की टीमों को सहभागिता ट्रॉफी देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता का सफल संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल. के. सिंह के निर्देशन एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. आदित्य गढ़ेवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



