ग्राम विकास को नई दिशा देने जुटे प्रस्फुटन समिति सदस्य, शुक्ल पिपरिया में हुआ क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्राम विकास को नई दिशा देने जुटे प्रस्फुटन समिति सदस्य, शुक्ल पिपरिया में हुआ क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण
कलयुग की कलम उमरिया पान – मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में ढीमरखेड़ा विकासखंड के प्रस्फुटन समिति सदस्यों के लिए एक दिवसीय त्रैमासिक क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण ढीमरखेड़ा सेक्टर के ग्राम शुक्ल पिपरिया स्थित पंचायत भवन में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न ग्रामों के समिति सदस्यों ने भाग लेकर ग्राम विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

प्रशिक्षण में करौंदी, खंदवारा, परसेल, मुरवारी और पिपरिया शुक्ल की प्रस्फुटन समितियों के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक बबीता शाह ने प्रस्फुटन समितियों की भूमिका, दायित्व और उनके प्रभावी संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही समितियों के दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया को भी सरल तरीके से समझाया।
ढीमरखेड़ा सेक्टर प्रभारी प्रकाशनाथ साहू ने परिषद की परिकल्पना, स्वैच्छिक संस्थाओं के गठन और उनके बेहतर प्रबंधन के बारे में मार्गदर्शन दिया। वहीं परामर्शदाता अंकित झारिया ने समग्र ग्राम विकास की अवधारणा और उसके विभिन्न चरणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संगठित प्रयासों से गांवों में व्यापक बदलाव संभव है।
समाजसेवी विपेंद्र नामदेव ने मृदा परीक्षण और जैविक खेती के महत्व पर जानकारी देते हुए किसानों को रसायनमुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान वक्ताओं ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति, जैविक खेती और श्रमदान जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए समिति सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन पर नवांकुर संस्था युवा जन सेवा समिति पिपरिया सहलावन द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त प्रस्फुटन समिति सदस्यों और नवांकुर सखियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सरपंच सुषमा उरमलिया, जनपद सदस्य एडवोकेट अटल बिहारी बाजपेयी, ब्रजभूषण बैरागी, रमेश उरमलिया, पंचायत सचिव दिलीप तंतुवाय, पंकज नामदेव सहित समिति सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



