मध्यप्रदेश

कटनी-बिलासपुर रेलखंड पर बड़ा रेल हादसा, कोयले से लदी मालगाड़ी अचानक पटरी से उतरी, कई ट्रेनें प्रभावित

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- कटनी-बिलासपुर रेलखंड पर एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कटनी रेलवे स्टेशन के समीप एक केबिन के पास कोयला लदी मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई। जिससे मालगाड़ी के छह डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पटरी पर ही बिखर गए, जिससे रेल ट्रैक को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

पूरी घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल राहत एवं सुधार कार्य शुरू कर दिया गया। दुर्घटना के बाद से रेलवे की मशीनों, मजदूरों और अन्य संसाधनों की मदद से क्षतिग्रस्त डिब्बों से कोयला खाली कराया जा रहा है, ताकि ट्रैक को साफ कर मरम्मत कार्य तेजी से किया जा सके।

डीआरएम जायजा लेने पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए कमल तलरेजा डीआरएम, जबलपुर मंडल स्वयं मौके पर पहुंच गए हैं और अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उनके निर्देशन में ट्रैक बहाली का काम तेजी से कराया जा रहा है।

कटनी साउथ से जाने वाली ट्रेनें प्रभावित

मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के कारण ट्रैक का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते कटनी–बिलासपुर रेलखंड के साथ ही कटनी साउथ से बिलासपुर की ओर जाने वाला रेल मार्ग भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार इस हादसे का असर यात्री और मालगाड़ियों के संचालन पर पड़ा है। करीब आधा दर्जन यात्री ट्रेनों और दो दर्जन से अधिक मालगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया है, जबकि कुछ को वैकल्पिक मार्गों से चलाने की तैयारी की जा रही है।

रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द ट्रैक को बहाल कर रेल यातायात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button