कुठला को बड़ी शैक्षणिक सौगात: 1.39 करोड़ से बनेगा हाईस्कूल, साफ पानी–बिजली सरकार की प्राथमिकता
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कुठला को बड़ी शैक्षणिक सौगात: 1.39 करोड़ से बनेगा हाईस्कूल, साफ पानी–बिजली सरकार की प्राथमिकता
कलयुग की कलम कटनी -आम नागरिकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। हर परिवार को शुद्ध पेयजल और पर्याप्त बिजली मिले, इसके लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है। यह बात प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री वार्ड कुठला में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। यह कार्यक्रम 1 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन हाई स्कूल भवन की स्वीकृति पर आयोजित किया गया था।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि शहरों और गांवों में नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं मिलें। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से पेयजल और बिजली आपूर्ति को लेकर संवाद करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि त्वरित समाधान हो सके।
इस अवसर पर मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक श्री प्रणय पांडे, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहेरिया, पार्षद श्रीमती सरला मिश्रा सहित जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश अग्रहरी, डीपीसी श्री प्रेमनारायण तिवारी, एडीपीसी श्रीमती धनश्री जैन, प्राचार्य श्रीमती सरोज पटेल एवं अन्य जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा स्कूल
प्रभारी मंत्री ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह हाई स्कूल भवन अगले 12 महीनों में बनकर तैयार होगा। इसमें डिजिटल बोर्ड, प्रयोगशाला, पुस्तकालय सहित सभी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि विधायक संदीप जायसवाल के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सौगात संभव हुई है।
जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 23 तारीख को कटनी भ्रमण संभावित है, इस दौरान वे स्वयं स्कूल भवन का भूमि पूजन करेंगे।
अप्रैल में मिलेंगी किताबें, साइकिल और छात्रवृत्ति
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने देगी। इसी क्रम में अप्रैल माह के पहले सप्ताह में ही विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, साइकिल और छात्रवृत्ति का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि वे पूरे मनोयोग से अध्ययन कर सकें।
जी+1 पैटर्न पर बनेगा भवन
मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल ने बताया कि कुठला में बनने वाला यह हाई स्कूल भवन जी प्लस वन (डबल मंजिल) स्वरूप में निर्मित होगा। भवन में लाइब्रेरी, कंप्यूटर कक्ष, प्राचार्य कक्ष, लॉबी-कॉरिडोर, बालक-बालिका एवं दिव्यांग अनुकूल प्रसाधन, सीढ़ियां और रैम्प की सुविधा होगी। निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की निगरानी में कराया जाएगा।



