प्रशासनमध्यप्रदेश

जिले में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 56 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त कलेक्टर के सख्त निर्देशों से मचा हड़कंप, साढ़े 11 लाख रुपये से अधिक की वसूली

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जिले में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 56 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त कलेक्टर के सख्त निर्देशों से मचा हड़कंप, साढ़े 11 लाख रुपये से अधिक की वसूली

कलयुग की कलम कटनी -समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही जिले में अवैध भंडारण और निकासी पर प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के स्पष्ट व सख्त निर्देशों के बाद खाद्य, कृषि और कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने व्यापक जांच अभियान चलाते हुए अब तक व्यापारियों व गोदाम संचालकों से 56 हजार 802 क्विंटल धान जब्त कर उसकी निकासी पर रोक लगा दी है।

इस कार्रवाई के दौरान मंडी शुल्क, निराश्रित शुल्क एवं समझौता शुल्क के रूप में कुल 11 लाख 47 हजार 196 रुपये की वसूली की जा चुकी है। इसमें 5 गुना मंडी शुल्क की राशि 8 लाख 21 हजार 662 रुपये, निराश्रित शुल्क 1 लाख 64 हजार 334 रुपये तथा समझौता शुल्क 1 लाख 61 हजार 200 रुपये शामिल हैं।

जिला आपूर्ति अधिकारी के अनुसार नवंबर माह से अब तक कटनी तहसील में 12 वेयरहाउस और 5 वाहनों में 42 हजार 889.05 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया, जिस पर 4 लाख 86 हजार 112 रुपये की वसूली की गई।

बड़वारा तहसील में 3 फर्मों से 1 हजार 902.54 क्विंटल धान मिलने पर 1 लाख 46 हजार 560 रुपये वसूले गए।

रीठी तहसील में 4 फर्मों और एक वाहन से 2 हजार 210.2 क्विंटल धान पर 79 हजार 624 रुपये की कार्रवाई हुई।

बहोरीबंद में 4 फर्मों से 2 हजार 827.5 क्विंटल धान मिलने पर 3 हजार 384 रुपये, जबकि विजयराघवगढ़ तहसील में 4 फर्मों से 2 हजार 754.08 क्विंटल धान पर 2 लाख 49 हजार 444 रुपये वसूले गए।

इसके अतिरिक्त स्लीमनाबाद व ढीमरखेड़ा तहसील की 5 फर्मों से 4 हजार 218.8 क्विंटल धान पाए जाने पर 1 लाख 82 हजार 72 रुपये की वसूली की गई।प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी को पारदर्शी और किसानों के हित में बनाए रखने के लिए अवैध परिवहन और भंडारण पर आगे भी इसी तरह सख्त निगरानी रखी जाएगी। खाद्य, राजस्व और कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीमें यह अभियान निरंतर जारी रखेंगी।

Related Articles

Back to top button