अवैध रेत परिवहन पर उमरिया पान पुलिस की बड़ी कार्रवाई बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रेत जब्त, आरोपी चालक पर कार्रवाई
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अवैध रेत परिवहन पर उमरिया पान पुलिस की बड़ी कार्रवाई बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रेत जब्त, आरोपी चालक पर कार्रवाई
कलयुग की कलम उमरिया पान -जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना उमरिया पान पुलिस ने अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित भरी हुई रेत को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 9 मार्च 2026 को थाना उमरिया पान पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम परसेल नदी क्षेत्र से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। इस सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई।
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम परसेल नदी की ओर से एक नीले रंग का बिना नंबर का ट्रैक्टर रेत लोड कर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्राम परसेल के खेल मैदान के पास घेराबंदी कर ट्रैक्टर को रोककर जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि सोनालिका कंपनी का नीले रंग का ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से पूरी तरह भरा हुआ था। ट्रैक्टर चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम देवीदीन कोल पिता कुमेश कोल उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम परसेल थाना उमरिया पान जिला कटनी बताया।
रेत के अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस ने मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसमें भरी रेत को धारा 106 बीएनएसएस के तहत गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर लिया। बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाना परिसर लाकर सुरक्षित खड़ा कर दिया गया। आरोपी चालक के विरुद्ध इस्तगासा प्रकरण दर्ज कर जुर्माने की कार्रवाई हेतु कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज विभाग कटनी को भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के साथ प्रधान आरक्षक अजय सिंह, आरक्षक अजय तिवारी, आशीष झरिया, योगेश पटेल, सतेन्द्र चौरसिया, मोहन मोबेल तथा रोहित झारिया की सराहनीय भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने भी अवैध रेत परिवहन के खिलाफ की गई इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उमरिया पान थाना स्टाफ की सक्रियता और तत्परता की प्रशंसा की है।



