प्रशासनमध्यप्रदेश

माँ के नाम बगिया, महिलाओं के हाथों में समृद्धि की चाबी ड्रिप सिंचाई सेट से सशक्त होंगी 67 स्व-सहायता समूह की महिलाएं, महिला सशक्तिकरण से ही मजबूत होगा समाज – सीईओ कौर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

माँ के नाम बगिया, महिलाओं के हाथों में समृद्धि की चाबी ड्रिप सिंचाई सेट से सशक्त होंगी 67 स्व-सहायता समूह की महिलाएं, महिला सशक्तिकरण से ही मजबूत होगा समाज – सीईओ कौर

कलयुग की कलम कटनी -अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “एक बगिया माँ के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अडानी फाउंडेशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ, जिसमें स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आधुनिक कृषि गतिविधियों के लिए ड्रिप सिंचाई सेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर रहीं। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य सीमा सिंह, संजय सोधिया सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न ग्रामों से आई बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

फील्ड विजिट कर देखा पौधारोपण का कार्य

कार्यक्रम के दौरान सीईओ श्रीमती कौर ने महिलाओं द्वारा लगाए जा रहे फलदार पौधों के क्षेत्र का निरीक्षण किया और “एक बगिया माँ के नाम” अभियान के तहत किए जा रहे पौधारोपण कार्य की जानकारी ली। इसके बाद जनपद पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 67 स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ड्रिप सिंचाई सेट प्रदान किए गए।

इन सेटों की मदद से महिलाएं फलदार पौधारोपण, बागवानी और अन्य कृषि कार्यों में कम पानी में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकेंगी। इससे महिलाओं की आय बढ़ने के साथ-साथ पोषण वाटिका को बढ़ावा मिलेगा और जल संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

आजीविका उत्पाद मेले में दिखी महिलाओं की प्रतिभा

कार्यक्रम स्थल पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मेले में घरेलू खाद्य सामग्री, फल-सब्जी आधारित उत्पाद, अचार, मसाले और हस्तशिल्प वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने इन उत्पादों की सराहना करते हुए महिलाओं की मेहनत और रचनात्मकता की प्रशंसा की।

महिला सशक्तिकरण से मजबूत होगा समाज – सीईओ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि महिलाएं समाज की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। जब महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होती हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।

उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की सराहना करते हुए कहा कि यह मिशन ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सीईओ ने महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों, बागवानी और नवाचार अपनाकर अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं हुईं सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूह की उन महिलाओं को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने आजीविका गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य किया है। अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनकी मेहनत से गांवों में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।

Related Articles

Back to top button