Blog

‘पनौती’ शब्द पर मचे सियासी बवाल के बीच, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर बताई ‘पनौती’ शब्द की परिभाषा

Kalyug Ki Kalam Se Rameshwar Tripathi

भोपाल- वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में भारत की हार के बाद ‘पनौती’ शब्द काफी तेजी से प्रचलन में आया है। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर पनौती शब्द तेजी से ट्रेंड कर रहा है। इसी बीच इसे लेकर सियासत भी गर्मा गई है और इसकी वजह है कांग्रेस नेता राहुल गांधी के द्वारा पनौती शब्द का इस्तेमाल पीएम नरेन्द्र मोदी को लेकर किया जाना। राहुल के इस बयान के बाद पूरी भाजपा उन पर हमलावर है और इसी बीच कांग्रेस के ही पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने पनौती शब्द की परिभाषा ट्वीट कर आग में घी डालने जैसा काम किया है।

दिग्विजय ने बताई ‘पनौती’ की परिभाषा
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर पनौती की परिभाषा बताते हुए लिखा है- ‘पनौती’ का क्या अर्थ है? मैंने पता लगाया। यह एक नकारात्मक शब्द है। जब कोई काम होते-होते रह जाए तो उस इंसान को ‘पनौती’ कह दिया जाता है। पनौती शब्द का इस्तेमाल उस व्यक्ति के लिए किया जाता है जो अपने आस-पास के लोगों के लिए दुर्भाग्य या बुरी खबर लाता है, इसीलिए इसे नकारात्मक शब्द कहते हैं। विश्व कप प्रारंभ होते ही सोशल मीडिया पर यह शब्द Trend करने लगा। यह किसके लिये कहा गया? स्टेडियम में हजारों लोग थे। भाजपा ने मोदी जी को ‘पनौती’ क्यों मान लिया? वे तो उनकी उनकी नजर में ‘विश्वगुरु’ हैं।

शिवराज सिंह ने साधा राहुल पर निशाना
दिग्विजय सिंह ने एक तरफ जहां पनौती शब्द की परिभाषा बताई है तो वहीं मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी के पनौती वाले बयान को लेकर उन पर निशाना साधा है। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम नरेन्द्र मोदी को लेकर दिए गए राहुल गांधी के पनौती वाले बयान को लेकर शिवराज ने कहा कि राहुल का ये बयान बेहद शर्मनाक है। राहुल गांधी की मती मारी गई है। वे भारत की हार पर खुश हो रहे हैं। इतना ही नहीं इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी को राष्ट्रीय शर्म तक करार दिया।

Related Articles

Back to top button