आत्मदाह की चेतावनी के बाद उमरिया पान में हाई अलर्ट रहा ,जनहित और ग्राम विकास की मांगों को लेकर कर्मठ नेता चंद्रकांत चंदू चौरसिया का संघर्ष जारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आत्मदाह की चेतावनी के बाद उमरिया पान में हाई अलर्ट रहा ,जनहित और ग्राम विकास की मांगों को लेकर कर्मठ नेता चंद्रकांत चंदू चौरसिया का संघर्ष जारी
कलयुग की कलम उमरिया पान -नगर में उस समय प्रशासनिक हलचल तेज हो गई थी जब नगर निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रकांत उर्फ चंदू चौरसिया ने 26 जनवरी को आत्मदाह की चेतावनी दी। चेतावनी की जानकारी मिलते ही शासन-प्रशासन सतर्क हो गया और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कदम उठाए गए। एहतियातन पुलिस ने चंद्रकांत चौरसिया को उनके ही निवास पर नजरबंद कर दिया और सूर्यास्त तक पुलिस निगरानी में रखा गया।
घटनाक्रम की खबर फैलते ही झंडा चौक पर महिला-पुरुषों की भारी भीड़ एकत्र हो गई थी। लोगों में उत्सुकता और चिंता का माहौल देखने को मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी गई। प्रशासनिक सतर्कता और पुलिस की सक्रियता के चलते नगर में शांति व्यवस्था बनी रही और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
चंद्रकांत चौरसिया ने प्रशासन की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका संघर्ष व्यक्तिगत नहीं बल्कि जनता और ग्राम विकास से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को लेकर है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी मांगें अभी भी लंबित हैं और जब तक उन्हें समय पर पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। चंद्रकांत ने कहा कि यदि प्रशासन ने जनता की आवाज को अनसुना किया तो वे आने वाले समय में सैकड़ों समर्थक सहित सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चंद्रकांत चौरसिया लंबे समय से ग्राम विकास, मूलभूत सुविधाओं, प्रशासनिक लापरवाही और आमजन की समस्याओं को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। एक कर्मठ नेता के रूप में उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान ग्रामीण अंचल की समस्याओं की ओर आकर्षित किया है। उनके समर्थकों का मानना है कि उनका संघर्ष किसी पद या स्वार्थ के लिए नहीं बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनता के अधिकारों के लिए है।
फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है, लेकिन चंद्रकांत चौरसिया के आंदोलन के तेवर और जनता का समर्थन आने वाले दिनों में नगर की राजनीति और प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा दे सकता है।



