भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से 4 जून को होने वाली मतगणना की तैयारियों को लेकर की समीक्षा
भोपाल- #𝐋𝐨𝐤𝐒𝐚𝐛𝐡𝐚𝐄𝐥𝐞𝐜𝐭𝐢𝐨𝐧𝐬𝟐𝟎𝟐𝟒 अंतर्गत 4 जून को होने वाली मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की गई एवं जरूरी व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा -निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी,मप्र अनुपम राजन द्वारा बैठक में #ECI को अवगत कराया गया कि प्रदेश में मतगणना के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी और 29 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी भी शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार ने निर्देश दिए कि मतगणना से जुड़ी तैयारियां व व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन कर लें। मतगणना स्थल की सुरक्षा,परिसर में प्रवेश, गर्मी को देखते हुए एंबुलेंस, दवाइयां, फायर ब्रिगेड, पोस्टल बैलेट की गणना आदि सभी व्यवस्थाएँ अपनी निगरानी में कराएं। मतगणना केन्द्र में प्रवेश की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतगणना केन्द्र में केवल प्राधिकार पत्रधारी अधिकारियों – कर्मचारियों, मतगणना एजेंट, पत्रकारों व सुरक्षा कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिये मप्र के संसदीय क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों व कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह एक बड़ा टीमवर्क था, जो बिना किसी बाधा के बखूबी पूरा किया गया।