खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार दो माह में 30 लाख की वसूली, 50 से अधिक वाहन जब्त — अवैध उत्खनन पर कड़ा शिकंजा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार दो माह में 30 लाख की वसूली, 50 से अधिक वाहन जब्त — अवैध उत्खनन पर कड़ा शिकंजा
कलयुग की कलम कटनी -जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले दो महीनों में 50 से अधिक प्रकरण दर्ज कर लगभग 30 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया है। इस दौरान 50 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना और जब्ती की कार्यवाही की गई।
संयुक्त टास्क फोर्स की कार्रवाई तेज
कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त टास्क फोर्स की बैठक के बाद जनवरी से अवैध खनन के मामलों में त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व हानि करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित के अनुसार:अवैध उत्खनन के 3 प्रकरणों में ₹2 लाख अर्थदंड अवैध भंडारण के 3 प्रकरणों में ₹8 लाख अर्थदंड अवैध परिवहन के 40+ प्रकरणों में लगभग ₹20 लाख अर्थदंड कुल: 50+ प्रकरणों में करीब ₹30 लाख की वसूली
लापरवाह खदान संचालकों पर गिरी गाज
वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पहले राजस्व वसूली तेज कर दी गई है। नियमों की अनदेखी करने वाली 4 खदानों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। भू-भाटक (डेड रेंट) और बकाया राशि जमा न करने वाले संचालकों को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी गई है।
तकनीक से हो रही निगरानी
अब खनन क्षेत्रों की निगरानी केवल भौतिक निरीक्षण तक सीमित नहीं है। प्रशासन द्वारा सैटेलाइट इमेजरी और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अवैध उत्खनन वाले क्षेत्रों की सटीक पहचान की जा रही है। इससे पारदर्शिता बढ़ने के साथ पर्यावरणीय और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो रहा है।
प्रमुख मामलों में भारी जुर्माना
प्रशासन द्वारा हाल के दिनों में कई बड़ी कार्रवाई की गई —23 दिसम्बर 2025, ग्राम सुतरी (बरही): 50 घनमीटर रेत उत्खनन पर ₹1,87,500 अर्थदंड उसी दिन 55 घनमीटर रेत उत्खनन पर ₹2,06,125 अर्थदंड फरवरी 2026, ग्राम पिपरिया शुक्ल (ढीमरखेड़ा): 13 घनमीटर रेत उत्खनन पर ₹50,640 अर्थदंड 13 फरवरी 2026, ग्राम जमुवानी कला (विजयराघवगढ़): 105 टन चूना पत्थर पर ₹2,52,000 अर्थदंड
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीमें सभी तहसीलों में सक्रिय हैं और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



