प्रशासनमध्यप्रदेश

मिलावटखोरों और गैस जमाखोरों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: बरही में छापा, अवैध एलपीजी सिलेंडर जब्त, खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

मिलावटखोरों और गैस जमाखोरों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: बरही में छापा, अवैध एलपीजी सिलेंडर जब्त, खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे 

कलयुग की कलम कटनी – जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट और घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी व कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को बरही तहसील क्षेत्र में अधिकारियों ने व्यापक जांच कार्रवाई की।

तहसीलदार संतोष कुमार श्रीवास्तव, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञ दत्त त्रिपाठी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. साहू की संयुक्त टीम ने “मिलावट से मुक्ति अभियान” के अंतर्गत होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और भंडारण पर भी कड़ी नजर रखी गई।

जांच के दौरान मेब्बू होटल, उमेश होटल, अग्रवाल होटल एवं गीतांजली इन होटल का निरीक्षण किया गया। इनमें से मेब्बू होटल में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। यहां एक कॉमर्शियल और एक घरेलू एचपीसीएल गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था। साथ ही मौके पर 13 उपभोक्ताओं के गैस कार्ड भी पाए गए।

होटल संचालक मेवा लाल बर्मन द्वारा कॉमर्शियल सिलेंडर से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके और न ही गैस कार्डों के संबंध में संतोषजनक जानकारी दी गई। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने दो गैस सिलेंडर एवं संबंधित उपभोक्ता कार्ड जब्त कर लिए। पूरा प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा की दिशा में भी कार्रवाई करते हुए मेब्बू होटल से मगज लड्डू और बेसन के नमूने लिए गए। वहीं बाजार क्षेत्र के बतासा निर्माता रामाश्रय जायसवाल से भी बतासे का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।

अन्य प्रतिष्ठानों में स्थिति सामान्य पाई गई, लेकिन प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मिलावटखोरी और अवैध गैस उपयोग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button