प्रशासनमध्यप्रदेश

खनिज माफियाओं पर प्रशासन का प्रहार बड़वारा के नदी घाटों पर बड़ी कार्रवाई: अवैध रास्ते ध्वस्त, वाहन जब्त

कलयुग की कलम से राकेश यादव

खनिज माफियाओं पर प्रशासन का प्रहार बड़वारा के नदी घाटों पर बड़ी कार्रवाई: अवैध रास्ते ध्वस्त, वाहन जब्त

कलयुग की कलम कटनी बड़वारा – जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्णायक कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बुधवार को बड़वारा तहसील के विभिन्न नदी घाटों पर सघन अभियान चलाकर खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर करारा प्रहार किया।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बसाड़ी, भदौरा, सकरीगढ़ और सुड्डी सहित आसपास के घाटों पर दबिश देकर व्यापक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं, जिन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई।

जांच में यह पाया गया कि अवैध खनन और परिवहन को आसान बनाने के लिए नदी घाटों तक कई अस्थायी रास्ते तैयार किए गए थे। प्रशासनिक अमले ने मौके पर ही जेसीबी मशीनों की मदद से इन सभी अवैध मार्गों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जिससे खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर सीधा असर पड़ा है।

अभियान के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त एक वाहन को भी जब्त किया गया, जिसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस, राजस्व, खनिज और परिवहन विभाग की सक्रिय भागीदारी रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम श्री प्रमोद चतुर्वेदी, उपसंचालक खनिज श्री आर.के. दीक्षित, तहसीलदार बड़वारा श्री ऋषि गर्ग, सहायक खनिज अधिकारी श्री पवन कुशवाहा, नायब तहसीलदार श्री हर्षवर्धन रामटेके, उपनिरीक्षक श्री रामनाथ साकेत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।प्रशासन का संदेश साफ है—अवैध खनन पर अब कोई ढिलाई नहीं, कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button