बोर्ड परीक्षा पर प्रशासन सख्त उड़नदस्ता व निरीक्षण दल करेंगे निरंतर निगरानी, कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बोर्ड परीक्षा पर प्रशासन सख्त उड़नदस्ता व निरीक्षण दल करेंगे निरंतर निगरानी, कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश
कलयुग की कलम कटनी -जिले में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने एसडीएम, जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा उड़नदस्ता एवं निरीक्षण दलों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा केन्द्रों का सतत भ्रमण व निरीक्षण करते हुए कड़ी निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि अनुचित साधनों के प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित हो।
कलेक्टर ने परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर बैठने, प्रकाश, पेयजल, शौचालय एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था पहले से पूर्ण कर ली जाए।
12वीं की परीक्षा मंगलवार से शुरू
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल के अंतर्गत हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षाएं आज मंगलवार 10 फरवरी से प्रारंभ होंगी, जबकि हाई स्कूल (10वीं) की परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू की जाएंगी।
कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देश दिए कि केन्द्राध्यक्ष एवं कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि प्रश्नपत्र बॉक्स प्राप्त करने के लिए हर हाल में प्रात: 6 बजे तक संबंधित पुलिस थाने पहुँचें। थाना पहुँचने के बाद तथा परीक्षा केन्द्र पर पहुँचने के पश्चात सेल्फी लेकर निर्धारित एप पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कलेक्टर प्रतिनिधि को परीक्षा के प्रत्येक दिन केन्द्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। सभी पर्यवेक्षकों को परीक्षा के पहले दिन डेढ़ घंटे पूर्व तथा शेष दिनों में एक घंटा पहले परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है।
10 निरीक्षण दल गठित, अधिकारी रहेंगे लगातार भ्रमण पर
जिले में बोर्ड परीक्षाओं को सुव्यवस्थित एवं नकल-रहित सम्पन्न कराने के लिए 10 निरीक्षण दलों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त संबंधित एसडीएम एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करेंगे।
परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे तक पहुँचना अनिवार्य
जिला शिक्षा अधिकारी श्री अग्रहरी ने बताया कि जिले में कुल 94 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें केन्द्राध्यक्ष एवं कलेक्टर प्रतिनिधियों की तैनाती पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार बोर्ड परीक्षाओं में सभी परीक्षार्थियों को प्रात: 8 बजे तक परीक्षा केन्द्र पर पहुँचना अनिवार्य होगा।



