प्रशासनमध्यप्रदेश

धान भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा बरखेड़ा में दो फर्मों से 846 क्विंटल अवैध धान जब्त कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर औचक कार्रवाई, राइस मिलर्स को सख़्त चेतावनी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

धान भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा बरखेड़ा में दो फर्मों से 846 क्विंटल अवैध धान जब्त कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर औचक कार्रवाई, राइस मिलर्स को सख़्त चेतावनी

कलयुग की कलम कटनी -गोदामों में अवैध रूप से भंडारित धान के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख़्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित जांच दल ने शुक्रवार को स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम बरखेड़ा में दो कृषि फर्मों की जांच कर कुल 846 क्विंटल धान जब्त की है। कार्रवाई के दौरान राइस मिलों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।

संयुक्त जांच दल द्वारा जय हनुमान राइस मिल का निरीक्षण किया गया, जहां 608 क्विंटल धान भंडारित पाई गई। इसमें से 570 क्विंटल धान मंडी स्टॉक में दर्ज थी, जिसका मंडी शुल्क अदा किया जा चुका है। मौके पर मौजूद संपूर्ण धान को जब्त कर मिल संचालक संतोष जायसवाल को सुपुर्द किया गया।

इसी क्रम में प्रियांशु कृषि केंद्र की जांच के दौरान 238 क्विंटल धान पाई गई। यह धान भी जब्त कर फर्म संचालक राकेश जायसवाल को सुपुर्द की गई।

इसके पहले गुरुवार को संयुक्त जांच दल ने कृषि उपज मंडी कटनी स्थित राधा ट्रेडिंग कंपनी का निरीक्षण किया था, जहां 260 क्विंटल धान का भंडारण पाया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित फर्म द्वारा धान की ट्रेडिंग का कार्य किया जा रहा है।

जांच दल ने माधवनगर स्थित नटराज फूड प्रोडक्ट, नटराज फूड प्रोडक्ट यूनिट-2 एवं लमतरा स्थित श्रीनिवासन राइस मिल का भी निरीक्षण किया। इन तीनों इकाइयों में लगभग 21 हजार क्विंटल धान का भंडारण पाया गया। निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि राइस मिलर्स द्वारा धान क्रय कर उसे चावल में परिवर्तित कर ट्रेडिंग की जा रही है।

प्रशासन द्वारा सभी राइस मिलर्स को सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना धान की निकासी नहीं करने की सख़्त हिदायत दी गई है। नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।इस कार्रवाई में जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार, सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्ला, नायब तहसीलदार हर्षवर्धन रामटेके एवं मंडी सचिव के.के. नरगावे शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button