आपदा से निपटने के लिए प्रशासन हुआ तैयार: एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आपदा से निपटने के लिए प्रशासन हुआ तैयार: एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
कलयुग की कलम कटनी -जिले में किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित पाँच दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को तीसरे दिन जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं और बचाव तकनीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों ने अधिकारियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं, विशेष रूप से भूकंप जैसी परिस्थितियों में तुरंत किए जाने वाले कार्यों और राहत कार्यों की प्रक्रिया से अवगत कराया। शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी के सहायक प्राध्यापक वी.के. द्विवेदी ने आपदाओं के प्रकार और भूकंप के समय अपनाए जाने वाले प्राथमिक कदमों के बारे में विस्तार से बताया।
इसके बाद परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) के अभियंता अशोक जोशी ने आपदा से पहले और आपदा के बाद सुरक्षित एवं मजबूत निर्माण कार्यों की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए संरचनात्मक सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
वहीं जिला होमगार्ड कमांडेंट राजेंद्र सिंह बघेल ने एसडीआरएफ के समन्वय से आपदा के दौरान बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार और घायल व्यक्तियों को सुरक्षित तरीके से राहत पहुँचाने की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों को विभिन्न आपदा परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित निकालने और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के तरीकों का अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षकों ने आपदा प्रबंधन के दौरान विभागों के बीच बेहतर समन्वय, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग और टीम वर्क के महत्व पर भी जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से अधिकारियों को आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने की तकनीकों से परिचित कराया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। आने वाले सत्रों में प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी।



