दूध की हर बूंद पर प्रशासन की नजर: स्लीमनाबाद चिलिंग प्लांट का औचक निरीक्षण कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर अधिकारियों ने परखी दुग्ध संकलन से वितरण तक की पूरी व्यवस्था
कलयुग की कलम से राकेश यादव

दूध की हर बूंद पर प्रशासन की नजर: स्लीमनाबाद चिलिंग प्लांट का औचक निरीक्षण कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर अधिकारियों ने परखी दुग्ध संकलन से वितरण तक की पूरी व्यवस्था
स्लीमनाबाद -दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधा और दुग्ध संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप मिश्रा एवं उपसंचालक पशुपालन डॉ. आर.के. सोनी ने संयुक्त रूप से सांची मिल्क चिलिंग प्लांट, स्लीमनाबाद का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुग्ध संकलन, सैम्पलिंग, फैट परीक्षण, चिलिंग प्रक्रिया और वितरण व्यवस्था का गहन निरीक्षण कर प्रत्येक चरण की वस्तुस्थिति जानी। अधिकारियों ने निष्क्रिय दुग्ध समितियों को शीघ्र सक्रिय करने तथा क्षेत्र में मिल्क कलेक्शन बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कृत्रिम गर्भाधान केन्द्र का भी लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने कृत्रिम गर्भाधान केन्द्र, स्लीमनाबाद का भी निरीक्षण किया और पशुपालकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
दोनों संस्थानों में पेयजल एवं एप्रोच रोड की समस्या सामने आने पर अधिकारियों ने नायब तहसीलदार श्री आकाशदीप नामदेव तथा स्थानीय सरपंच प्रतिनिधि श्री गुड्डन सिंह को तत्काल समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
कई अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान डॉ. देवांगना चतुर्वेदी (वीएएस), सांची सर्वेयर श्री अनिरुद्ध गौतम, श्री राकेश गर्ग, श्री राजेन्द्र यादव, स्थानीय आरआई एवं पटवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही नहीं चलेगी और किसानों-पशुपालकों को हर हाल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।



