प्रशासनमध्यप्रदेश

होली–रमजान पर प्रशासन सतर्क: उमरिया पान में शांति समिति की बैठक हुई संपन्न, भाईचारे से पर्व मनाने की अपील सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

होली–रमजान पर प्रशासन सतर्क: उमरिया पान में शांति समिति की बैठक हुई संपन्न, भाईचारे से पर्व मनाने की अपील सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई 

कलयुग की कलम उमरिया पान -आगामी होली पर्व एवं रमजान को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से उमरिया पान थाना प्रांगण में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार आकांक्षा चौरसिया ने की, जबकि थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने शासन के निर्देशानुसार बैठक का संचालन कराया। बैठक में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, ग्रामीणों एवं पुलिस स्टाफ की उपस्थिति रही।

थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार का हुड़दंग, जबरन रंग डालना, शराब सेवन कर उत्पात मचाना या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सार्वजनिक स्थानों पर मर्यादा बनाए रखें।

बैठक में प्रशासन द्वारा त्योहारों के दौरान लागू की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई। इसके तहत प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, निरंतर पेट्रोलिंग, रात्रि गश्त तथा आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों से कहा गया कि यदि किसी गांव में विवाद संभावित स्थान या संवेदनशील बिंदु हों तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान स्थानीय अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा आपात चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने की बात कही गई। इसके अतिरिक्त बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विद्युत विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर कैमरे लगाने से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा किसी भी अप्रिय घटना की जांच में सुविधा मिलेगी।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। तहसीलदार ने सभी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सकता है।

बैठक में मास्टर शिवकुमार चौरसिया, राजेश राजा चौरसिया, समाजसेवी राजेश ब्यौहार, सुखदेव चौरसिया, जनपद सदस्य शैलेंद्र पौराणिक, बसंत चौरसिया, संदीप सोनी, जागेश्वर सोनी, प्रदीप चौरसिया, स्वतंत्र चौरसिया, लक्ष्मण रजक, बलराम गर्ग, कैलाश साहू, प्रमोद असाटी, राजेंद्र पटेल, अज्जू सोनी, राकेश यादव, अंकित झारिया, सोमनाथ पटेल, पारस पटेल, अनिल मिश्रा, अनिल सोनी, पप्पू चौरसिया, राजाराम काछी, मकरंद काछी, अयूब खान सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व समस्त थाना स्टाफ की उपस्थिति रही।

अंत में प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे कानून का पालन करते हुए त्योहारों को सद्भाव, सुरक्षा और आपसी सम्मान के साथ मनाएं, ताकि उमरिया पान क्षेत्र शांति और सामाजिक एकता की मिसाल बनी रहें।

Related Articles

Back to top button